जैसलमेर (वार्ता)। राजस्थान में जैसलमेर के मोहनगढ़ थानान्तर्गत एक महिला ने अपने 10 माह के मासूम पुत्र के साथ खेत में बनी डिग्गी में कूदकर आत्महत्या कर ली।
थानाधिकारी भवानी सिंह ने बताया कि भंवरलाल भील अपनी पत्नि एवं 10 माह के पुत्र के साथ मोहनगढ़ थानान्तर्गत 6 ढ़ांणी के इलाके में एक निजी मुरब्बे में खेती का काम करता था। रविवार देर रात उसकी पत्नि अमरती (22 वर्ष) जाति भील ने अपने 10 माह के पुत्र करन के साथ खेत में बनी डिग्गी में कूदकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह जब पति भंवरलाल को अपनी पत्नि दिखाई नहीं दी तो उसकी तलाश शुरू की तो मां बेटे दोनों के शव पानी की डिग्गी में तैरते हुए दिखाई दिए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को डिग्गी से बाहर निकलवाकर मोर्चरी में रखवाया तथा मृतका के पीहर पक्ष को इसकी सूचना दी।
महिला के पीहर पक्ष के आने के बाद शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।