Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दुकान से घर जा रहे किराना व्यापारी से लूट:बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में दिया वारदात को अंजाम

सूरतगढ़. सूरतगढ़ में छीना झपटी और लूट की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। शहर में समाज कल्याण छात्रावास के निकट मंगलवार रात बाइक सवार लुटेरों द्वारा व्यापारी से ₹5000 की नकदी लूट कर फरार हो जाने का एक और मामला सामने आया है। बुधवार शाम को पीड़ित ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कराया है।

सिटी थाना के उपनिरीक्षक मोटाराम ने बताया कि वार्ड 41 के व्यापारी कुंदनलाल पुत्र रामचंद्र अरोड़ा ने शिकायत में बताया है कि उसकी महाराजा सिनेमा के पीछे भटेजा एजेंसी के नाम से राशन किराना की दुकान है। मंगलवार रात करीब 9 बजे वह अपनी दुकान बंद कर और बिक्री की राशि के ₹5000 बैग में डालकर बाइक घर जा रहा था। समाज कल्याण छात्रावास के पास पहुंचते ही बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर पीछे से आए दो युवकों ने उसे रुकने का इशारा किया। बाइक को रोकते ही बदमाशों ने झपट‌्टा मारकर बैग को छीन लिया और धक्का मारकर नीचे गिरा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

इसी दौरान उस उसका बेटा साहिल भटेजा भी बाइक पर आ रहा था। जिसने बदमाशों का पीछा किया, परंतु अंधेरे का फायदा उठाते हुए बदमाश हाईवे की ओर फरार हो गए। लेकिन, बेटे साहिल ने आरोपी की पहचान करते हुए महेश कुमार निवासी गांव सिलवानी का होने वाला बताया है।

व्यापारी ने बताया कि लूटे गए बैग में आधार कार्ड, नगद राशि और एजेंसी की बिल बुक इत्यादि जरूरी कागजात थे। वहीं उप निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है । एक आरोपी की पहचान होने के चलते पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।