कोटा-झालावाड़
झालावाड़ के हल्दीघाटी रोड पर आपसी रंजिश के चलते 1 जुलाई काे दिनदहाड़े हुए जानलेवा के मामले में मंगलवार को युवक की मौत हो गई। इसके बाद अब बुधवार को घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में सागर कुरैशी नामक बदमाश अपने साथियों के साथ मिलकर मृतक कृष्णा को सड़क पर पटककर डंडों से ताबड़तोड़ हमला करता हुआ नजर आ रहा है। इस हमले में झालरापाटन निवासी कृष्णा वाल्मीकि गम्भीर घायल हो गया ता। जिसे इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया। मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के शव को आज झालावाड़ लाया गया। पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार करवाया। कृष्णा की मौत के बाद जगह जगह पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।

मृतक के शव को आज झालावाड़ लाया गया। पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार करवाया
दरअसल, शहर में रवि और सागर कुरैशी में वर्चस्व की लड़ाई थी।इनमें पुरानी रंजिश चल रही थी। 18 जून को रवि ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सागर कुरैशी पर हमला किया था। मामले में पुलिस ने रवि और उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।इसके बाद से ही सागर कुरैशी अपने साथ हुई मारपीट का रवि से बदला लेना चाहता था।

बदमाशों ने कृष्णा को सड़क पर पटककर ताबड़तोड़ हमले किए
उसने रवि के दोस्त कृष्णा पर 1 जुलाई को अपने साथियों के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया।वारदात में कुल आठ बदमाश शामिल बताए गए है। जिनमें से एक ने वीडियो बनाया। ताकि लोगों में दहशत बनाई जा सके। बाकी सात बदमाशों ने कृष्णा को सड़क पर पटककर ताबड़तोड़ हमले किए। फिर उसे अधमरा छोड़कर फरार हो गए। गंभीर घायल कृष्णा काे इलाज के लिए जिला एसआरजी अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा और वहां से जयपुर रेफर कर दिया था। मंगलवार सुबह जयपुर में इलाज के दौरान कृष्णा ने दम ताेड़ दिया।
हालांकि 1 जुलाई की रात ही पुलिस ने मुख्य आरोपी सागर कुरैशी सहित छह आराेपियाें को गिरफ्तार कर लिया था और सभी जेल में हैं। कृष्णा की मौत के बाद किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो, इसके लिए झालावाड़ व झालरापाटन में पुलिस जाब्ता तैनात किया है।
डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि मृतक का अंतिम संस्कार करवाया जा रहा है। वारदात में शामिल 6 बदमाशों को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। वीडियो बनाने वाला सहित एक अन्य फरार है।