Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अनुराग संग बैठक के बाद पहलवानों ने धरना खत्म किया

नयी दिल्ली (वार्ता). बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और अन्य सम्मानित पहलवानों ने केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ बैठक के बाद भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के खिलाफ जंतर-मंतर पर तीन दिन से चल रहे अपने विरोध प्रदर्शन को शुक्रवार देर रात समाप्त किया।
पूनिया ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, ह्लहम अपना प्रदर्शन खत्म कर रहे हैं क्योंकि सरकार ने हमें आश्वासन दिया है कि न्याय होगा। डब्ल्यूएफआई के दिन-प्रतिदिन के कार्यों को संभालने और हमारी चिंताओं को देखने के लिये एक समिति बनाने का निर्णय लिया गया है। खेल मंत्री ने कहा है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है क्योंकि खिलाड़ियों को महासंघ से पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। मंत्री ने हर कदम पर हमें अपना समर्थन दिया है। हमारा खेल बहुत दूर आ गया है और हम यह विरोध भी नहीं चाहते थे लेकिन चीजें इतनी हाथ से निकल गयीं कि हमें ऐसा कदम उठाना पड़ा।ह्व
पूनिया ने पहलवानों का समर्थन करने के लिये सभी को धन्यवाद देते हुए विरोध प्रदर्शन का समापन किया।
इसी बीच बैठक के बाद श्री ठाकुर ने कहा कि बृज भूषण शरण सिंह डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष का पद छोड़ेंगे और जांच में सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि डब्ल्यूएफआई के खिलाफ जांच के लिये निगरानी समिति का गठन किया जायेगा। यह समिति खिलाड़ियों द्वारा लगाए गये यौन दुराचार, वित्तीय अनियमितताओं और प्रशासनिक चूक के आरोपों की जांच करेगी। समिति चार सप्ताह में जांच पूरी करेगी।