Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बार संघ चुनाव : आज दाखिल होंगे नाम निर्देशन पत्र

  • 15 फरवरी को बार संघ हनुमानगढ़ की कार्यकारिणी के लिए होगा मतदान
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    बार संघ हनुमानगढ़ की वर्ष 2023 की कार्यकारिणी के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चुनाव प्रक्रिया के तहत 15 फरवरी को मतदान होगा। इससे पहले गुरुवार को नाम निर्देशन दाखिल किए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने के लिए सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर एक बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद दोपहर 2 बजे से अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्रों की जांच की जाएगी। शुक्रवार को सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद मैदान में बचे अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। 15 फरवरी को सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा। दोपहर दो बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। बार संघ के अध्यक्ष पद के लिए इस बार जिन नामों की चर्चा है उनमें अधिवक्ता जयपाल झोरड़, नरेन्द्र माली, भगवानदास रोहिल्ला, पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र सारस्वत, मदन पारीक व सुरेन्द्र शेखावत शामिल हैं। वहीं बार संघ के वर्तमान अध्यक्ष मनजिन्द्र सिंह लेघा ने इस बार चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है। चुनाव अधिकारी अधिवक्ता वतनदीप सिंह माल ने बताया कि जिस अधिवक्ता ने प्रेक्टिस की 15 वर्ष की अवधि पूर्ण कर ली है वह अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकता है। इसके अलावा 10 वर्ष से वकालत कर रहे अधिवक्ता उपाध्यक्ष, सचिव, पुस्तकालय अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के योग्य हैं। उन्होंने बताया कि इस बार हो रहे चुनावों में बार कौंसिल के आदेश पर बार संघ के निवर्तमान अध्यक्ष की ओर से एक कमेटी बनाई गई थी। इस कमेटी की ओर से वोट बनाए गए हैं। इन वोटों में आपत्ति के बाद 577 वोटों को फाइनल किया गया है। इन 577 वोटों के आधार पर ही मतदान होगा।