Saturday, June 20निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

इंग्लैंड सीरीज से पहले कोरोना की चुनौती से निपटेंगे भारतीय खिलाड़ी, इस हफ्ते वैक्सीन की दूसरी डोज ले सकते हैं

लंदन

इंग्लैंड दौरे पर गई भारतीय टीम टेस्ट सीरीज से पहले कोरोना की चुनौती से निपटने की तैयारी कर रही है। सभी खिलाड़ी इस हफ्ते कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज ले सकते हैं। ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय खिलाड़ी 9 जुलाई तक डोज ले लेंगे।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड के कुछ खिलाड़ियों के पॉजिटिव आने के बाद यह फैसला लिया है। मंगलवार को इंग्लिश टीम के 3 खिलाड़ी समेत 7 स्टाफ संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ लिमिटेड ओवर की सीरीज के लिए उन्होंने पूरी टीम बदलने का फैसला लिया था।

स्थिति से अवगत हैं भारतीय खिलाड़ी
BCCI ने कहा कि इंडियन टीम मैनेजमेंट कोरोना को लेकर इंग्लिश टीम में बनी स्थिति से अवगत है। अगर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) हमें अपने कार्यक्रम में बदलाव करने को कहता है या कोई नया प्रोटोकोल देता है तो हम उसका पालन करेंगे। फिलहाल पहले से तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इंग्लैंड टूर पर प्लान में कोई बदलाव नहीं
BCCI ने कहा कि बीते कुछ दिनों में बने हालात के बावजूद इंग्लैंड में मौजूद टीम इंडिया के खिलाड़ियों का प्लान नहीं बदला गया है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद भारतीय खिलाड़ी 20 दिनों की छुट्टी पर हैं और उनकी छुट्टी पहले से तय शेड्यूल के हिसाब से अभी जारी रहेगी।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद इंग्लैंड में परिवार के साथ छुट्टियां मनाते हुए अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद इंग्लैंड में परिवार के साथ छुट्टियां मनाते हुए अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा।

लंदन के आस-पास हैं ज्यादातर भारतीय सितारे
बोर्ड अधिकारी ने कहा कि भारतीय टीम के ज्यादातर खिलाड़ी अभी लंदन के आस-पास हैं और परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। कुछ खिलाड़ी इंग्लैंड के अलग-अलग हिस्सों में हैं। सभी खिलाड़ियों ने कोविशील्ड का पहला डोज लिया था। अब वे दूसरे डोज के लिए तैयार हैं।

14 जुलाई को लंदन में जुटेंगे भारतीय खिलाड़ी
इंग्लैंड में फिलहाल छुट्टियां मना रहे भारतीय खिलाड़ी 14 जुलाई को लंदन में एकत्रित होंगे। यहां से वे दो सप्ताह के लिए डरहम जाएंगे। डरहम में भारत को ट्रेनिंग के अलावा सेलेक्ट काउंटी-11 के खिलाफ अभ्यास मैच भी खेलना है। जब सभी खिलाड़ी लंदन में जुटेंगे तो सभी का एक बार फिर से कोरोना टेस्ट होगा। इसके बाद वे फिर से बायो बबल में शामिल हो जाएंगे।

एश्ले जाइल्स ने भी चिंता जाहिर की
इंग्लैंड टीम के डायरेक्टर एश्ले जाइल्स ने भी कोरोना के मामले सामने आने के बाद चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि हम BCCI के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि जैसे-जैसे इंग्लिश समर आगे बढ़ेगा हम पाबंदियां हटाने में कामयाब होंगे। इसके लिए जरूरी है कि सभी खिलाड़ी वैक्सीन की दोनों डोज लें।

4 अगस्त से शुरू होगी 5 टेस्ट मैचों की सीरीज
टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ अगस्त-सितंबर में 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। पहला मैच 4 अगस्त से नॉटिंघम में शुरू होगा। भारत को इससे पहले इंग्लैंड में लगातार तीन टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *