बीकानेर. बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के बाहर एक नर्सिंगकर्मी की सड़क हादसे में मौत के मामले में नया मोड़् आ गया है। मृतक के भाई ने टक्कर मारने वाली गाड़ी के चालक के बजाय स्वयं विधायक बिहारीलाल बिश्नोई के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। ऐसे में मामले की छानबीन सीआईडी सीबी के पास चली गई है, उधर विधायक का आरोप है कि एफआईआर में साजिश की गई है।
बारह मार्च को सुबह पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर का नर्सिंगकर्मी हसन गौरी नाइट ड्यूटी करके घर लौट रहा था, तभी विधायक बिहारीलाल बिश्नोई अपने ड्राइवर व गनमेन के साथ राजमाता सुशीला कुमारी के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। दोनों वाहनों की टक्कर में हसन गंभीर घायल हो गया। जिसे बाद में पीबीएम अस्पताल से इंटरनल जयपुर के लिए रैफर किया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के दो दिन बाद हसन के भाई मोहम्मद जफर ने एफआईआर दर्ज करवाई है। इसमें वाहन चालक के साथ अभियुक्त के रूप में नोखा विधायक बिहारीलाल बिश्नोई का नाम दिया गया है। विधायक के खिलाफ जांच अब सीआईडी सीबी को दी गई है।
दैनिक भास्कर से बातचीत में विधायक बिश्नोई ने कहा कि ये राजनीतिक साजिश है। वो स्वयं गाड़ी नहीं चला रहे थे बल्कि उनका ड्राइवर ही गाड़ी चला रहा था। गलत दिशा से आ रहा हसन उनकी गाड़ी से टकराया। उसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजने के साथ ही डॉक्टर को कॉल किया। ड्राइवर व गाड़ी को तुरंत थाने भेज दिया। बिश्नोई का कहना है कि हसन की मौत दर्दनाक है लेकिन एफआईआर में मुझे चालक के रूप में पेश करके हसन के परिजनों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
इंश्योरेंस सहित कई तरह के क्लेम गलत एफआईआर के आधार पर मिलने में दिक्कत होती है। इस एफआईआर के बाद बिश्नोई के समर्थक कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं। भाजपा नेता व बिश्नोई समर्थक एडवोकेट अशोक भाटी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेताओं ने जानबूझकर विधायक का नाम लिखवाया है, जबकि गाड़ी तो ड्राइवर चला रहा था। इससे हसन के परिजनों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की साजिश है। अब तक इस मामले में शांत विधायक भी अब एफआईआर में अपने नाम से नाराज हैं।
जांच सीआईडी सीबी को क्यों?
दरअसल, किसी भी विधायक या सांसद के खिलाफ थाने की पुलिस सीधे जांच नहीं कर सकती। अगर कोई शिकायत में विधायक का नाम है तो इसके लिए सीआईडी सीबी को ही पत्रावली भेजनी होती है। वहीं से जांच अधिकारी तय होगा। सीआईडी सीबी की रिपोर्ट ही अदालत में पेश की जाएगी।