Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुलिस अधिकारी, होमगार्ड दस हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

चंडीगढ़ (वार्ता). पंजाब सकर्तता ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई मुहिम के दौरान शुक्रवार को पुलिस चौकी रामनगर, थाना सदर पटियाला के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक (ए.एस.आई.) पलविन्दर सिंह और होम गार्ड के वालंटियर सत्याभान को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ़्तार किया है।
सतर्कता ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त पुलिस कर्मचारियों को रणधीर सिंह निवासी चीका, हरियाणा की शिकायत पर गिरफ़्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने सतर्कता ब्यूरो के पास पहुँच कर आरोप लगाया कि उपरोक्त पुलिस कर्मचारियों ने उसके तीन ट्रकों को बिना रूकावट के पंजाब में दाखिल होने देने के लिए हर महीने 30,000 रुपए रिश्वत की माँग की है।
प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद पटियाला रेंज की सतर्कता टीम ने जाल बिछाया और दोनों पुलिस मुलजिमों को दो सरकारी गवाहों की हाजिरी में शिकायतकर्ता से 10,000 रुपए की रिश्वत लेते हुये मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में दानों आरोपियों के खिलाफ सतर्कता ब्यूरो के थाना पटियाला रेंज में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच जारी है।