जयपुर (वार्ता). राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरूवार को जयपुर के घाट की गूणी में स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व राज्यपाल पंडित नवल किशोर शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया।
इस अवसर पर ?श्री गहलोत ने कहा कि श्री शर्मा ने सामाजिक सरोकार के कार्यों में विशेष योगदान देते हुए प्रदेश के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। एक सक्रिय एवं जागरूक जनप्रतिनिधि के रूप में उनके द्वारा किए गए समाजसेवा के कार्यों के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने राजस्थान स्वर्ण जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष के रूप में स्वाधीनता सेनानियों के इतिहास लेखन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
उनकी प्रतिमा के अनावरण से युवा पीढ़ी समाजसेवा के लिए प्रेरित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महंगाई राहत शिविरों के माध्यम से आमजन को मंहगाई से राहत देने का संकल्प साकार हो रहा है। इन शिविरों से 60 लाख से अधिक परिवारों को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा चुका है। सभी पात्र लोगों को योजना से जोड़कर लाभ देने तक यह शिविर जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 25 लाख रूपए तक के कैशलेस इलाज, नि:शुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना जैसी कल्याणकारी योजनाएं लागू करने वाला राजस्थान अग्रणी राज्य बन गया है। 500 रुपए में गैस सिलेंडर, सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत न्यूनतम 1000 रुपए पेंशन, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना तथा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 100 व कृषि उपभोक्ताओं के लिए 2000 यूनिट बिजली नि:षुल्क देने जैसी योजनाओं को राज्य में लागू किया गया है। इनसे आमजन को महंगाई से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महंगाई राहत कैंप का निरीक्षण भी किया और लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं को 3 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने का कार्य किया जा रहा है। निजी क्षेत्र में रोजगार देने के लिए 100 से अधिक मेगा जॉब फेयर आयोजित करने की घोषणा की गई है। अब तक जॉब फेयर के माध्यम से 10 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि देश में मंहगाई-बेरोजगारी के साथ-साथ बढ़ता हुआ तनाव भी एक बड़ी समस्या है। समाज में तनावपूर्ण माहौल देश के विकास के लिए अच्छा नहीं है। आपसी भाईचारे एवं सद्भाव की स्थापना से ही प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।
श्री गहलोत ने कहा कि पूर्ववर्ती केन्द्र सरकारों द्वारा शिक्षा, खाद्य सुुरक्षा, सूचना एवं रोजगार के अधिकार आमजन को कानून बनाकर दिये गये। इसी प्रकार वर्तमान केन्द्र सरकार को भी कानून बनाकर बुजुर्गोंं, नि:शक्तजनों, महिलाओं आदि को सामाजिक सुरक्षा का अधिकार देना चाहिए। इससे वे सम्मान के साथ जीवन निर्वहन कर सकेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पंडित शर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दौसा के राजकीय मेडिकल कॉलेज का नामकरण पं. नवल किशोर शर्मा के नाम से करने की भी घोषणा की। इस मौके मुख्यमंत्री ने पॉवर लिफ्टिंग प्रतिस्पद्धाएं जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली बालिका निधि से मिलकर उसकी हौसला अफजाई की।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने कहा कि पंडित शर्मा का प्रदेश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार निरंतर जनहित में कार्य कर रही है। पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पंडित शर्मा ने राजनैतिक जीवन में जनसेवा के उच्च मानक स्थापित किए। राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष रफीक खान ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से सभी वर्गों के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। इस अवसर पर जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी, स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा, शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, कृषि मंत्री लालचन्द कटारिया, उद्योग मंत्री शंकुतला रावत, महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष बृजकिशोर शर्मा, जयपुर हैरिटेज मेयर मुनेश गुर्जर आदि मौजूद थे।