Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भाजपा नेता बोले- केन्द्र की सहायता के बाद पूरी तरह से फेल हुई कांग्रेस सरकार

  • कहा- मोदी सरकार ने मुफ्त दी वैक्सिन, राजस्थान सरकार ने कचरे में फेंकी, प्रेस वार्ता में गिनाई गहलोत सरकार की विफलताएं
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    भाजपा नेताओं ने राज्य की गहलोत सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार देते हुए आरएसएस को बदनाम करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को जिला मुख्यालय पर पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, नोहर के पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया, भाजपा एससी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने राज्य सरकार की विफलताएं गिनाई। साथ ही राज्य सरकार से पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने की मांग की। पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने कहा कि आज भी नहरों को पूरा पानी नहीं मिल रहा। इस कारण खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं। किसान परेशान है। मुख्यमंत्री सहित पांच-पांच मंत्री होने के बावजूद किसानों के खेतों में खड़ी फसलें प्यासी हैं। कृषि प्रधान इलाका होने के बावजूद क्षेत्र के किसानों को पानी न देकर मारा जा रहा है। अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे। अगर हालात यही रहे तो फसल पर जितनी लागत आई है उसकी ही भरपाई नहीं हो पाएगी। किसान कर्जे में डूब जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जहां एक ओर नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने देशवासियों को बचाने के लिए प्रयास किए। वहीं राजस्थान की कांग्रेस सरकार पूर्णतया नकारा साबित हुई। महामारी के समय में भी केवल राजनीति करती रही, कोरोना से लड़ाई की जिम्मेदारी से भागकर केवल भारत सरकार पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने में ही व्यस्त रही। जबकि मानवता को बचाने के लिए भारत सरकार ने राजस्थान को हर तरीके से मदद पहुंचाने का काम किया। पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के आने से पूर्व ही प्रदेश को पीएम केयर फंड से 1500 वेंटिलेटर उपलब्ध करवाए। जनवरी के पहले सप्ताह में ही आॅक्सीजन प्लांट लगाने के लिए राज्य सरकार को 201 करोड़ रुपए दिए। पर्याप्त मात्रा में पीपीई कीट, दवाइयां, मास्क, सेनेटाइजर उपलब्ध करवाए। दुर्भाग्य है कि केन्द्र की सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग के बावजूद राज्य की कांग्रेस सरकार नागरिकों की जीवन रक्षा व इलाज में पूर्णतया विफल साबित हुई। राज्य सरकार की नाकामी की वजह से प्रदेश के बड़े अस्पतालों के बाहर लोगों ने तडफ-तडफ कर अपनी जान गंवा दी। एएसी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने कहा कि भारत सरकार ने 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की मुफ् वैक्सीनेशन का जिम्मा अपने ऊपर लिया और रिकॉर्ड समय में राजस्थान में 2 करोड़ 8 लाख डोज लगाई। राज्यों की मांग पर 18 से 44 वर्ष के लोगों की वैक्सीनेशन का जिम्मा राज्यों को दिया। लेकिन राजस्थान की अकर्मण्य सरकार केवल नोटंकी के अलावा कुछ नहीं कर पाई। प्रदेश के 3 करोड़ 40 लाख युवाओं की 2 डोज वैक्सीन के लिए 2250 करोड़ रुपए की आवश्यकता थी, लेकिन सरकार ने केवल 57 करोड़ रुपए वैक्सीन निमार्ता कम्पनी को जमा करवाए। भारत सरकार की ओर से राज्य के लोगों के लिए भेजी गई वैक्सीन हजारों की संख्या में कचरे के ढेर में पड़ी हुई मिली, कहीं जमीन में दबा दी गई तो कहीं जला दी गई। और तो और वैक्सीनेशन सेंटर्स पर 11 लाख 50 हजार डोज खराब कर दी गई। उन्होंने मांग की कि भाजपा की मांग है कि मुख्यमंत्री सहायता कोष में जमा राशि की जानकारी सार्वजनिक की जाए। वैक्सीनेशन के नाम पर विधायकों एवं अन्य स्त्रोतों से वैक्सीन के लिए जो पैसे इक_े किए गए, उन पैसों को लौटाया जाए। भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने कहा कि राजस्थान देश का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां युवाओं को सरकार के झूठे आश्वासन के सिवाय धरातल पर रोजगार नहीं मिल पा रहा है। वैश्विक महामारी से जूझते राजस्थान प्रदेश में सरकार की अकर्मण्य नीतियों के कारण से बेरोजगारी दर लगातार बढ़ती जा रही है। बेरोजगारी दर वाले पहले चार राज्यों में राजस्थान प्रदेश 27.6 प्रतिशत बेरोजगारी दर के साथ चौथे पायदान पर है। राजस्थान में बढ़ती बेरोजगारी दर का आलम यह है कि अब शातिर ठगों द्वारा राज्य के बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलवाने के नाम पर उनके साथ ठगी का बड़ा खेल खेला जा रहा है। सरकारी नौकरियों में जहां शिक्षक, सेना और रेलवे बोर्ड की भर्तियों के नाम पर ठगी हो रही है तो निजी कम्पनियों में देश के साथ विदेशों में नौकरी लगवाने के नाम पर राज्य के लाखों युवाओं को ठगी का शिकार बनाकर पैसे हड़पे जा रहे हैं। चुनाव के समय बिजली, पानी की कीमतों में वृद्धि नहीं करने का वादा कर सरकार बनाने वाली कांग्रेस पार्टी ने बिजली की कीमतों को सामान्य आदमी की पहुंच से बाहर किया है। प्रदेश में बढ़ रही अपराध की शर्मनाक घटनाएं देशभर में राजस्थान को शर्मसार कर रही हैं। दुर्भाग्य है कि आज राजस्थान दुष्कर्म के मामले में देश में नम्बर 1, महिला अत्याचार में नम्बर 2, बाल तस्करी में नम्बर 1, साइबर क्राइम में नम्बर 1 पर है। इस सरकार में भ्रष्टाचार के मामले में राजस्थान देशभर में नम्बर 1 पर आ गया है। प्रेस वार्ता में पीलीबंगा विधायक धर्मंेद्र मोची, संगरिया विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, भाजपा जिला महामंत्री जुगल किशोर गौड़, जिला मीडिया प्रभारी दीपक खाती मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *