Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

डिकॉय-मुखबिर योजना के तहत प्रोत्साहन राशि ढाई लाख से बढ़ाकर अब तीन लाख की

  • गर्भवती महिला को डेढ़ लाख, मुखबिर को एक लाख एवं सहयोगी को 50 हजार रुपए प्रोत्साहन स्वरुप मिलेंगे
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    कोख में पल रही बेटियों को बचाने के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत डिकॉय-मुखबिर योजना को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रोत्साहन राशि को ढाई लाख से बढ़ाकर अब तीन लाख रुपए कर दी गई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा के निर्देश पर यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा। प्रमुख शासन सचिव अखिल अरोड़ा ने योजना के संबंध में बुधवार को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि पूर्व में मुखबिर योजना के तहत भू्रण लिंग परीक्षण संबंधी प्राप्त सूचना पर तीन किश्तों में ढाई लाख रुपए तक की राशि प्रोत्साहन स्वरुप दी जाती थी, लेकिन अब इसे और व्यवहारिक बनाते हुए सफल डिकॉय आॅपरेशन पर मुखबिर, डिकॉय गर्भवती महिला एवं सहयोगी को दो किस्तों में कुल तीन लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। पूर्व में योजना के तहत निर्धारित ढ़ाई लाख की राशि की पहली किश्त सफल डिकॉय होने पर, दूसरी न्यायालय में परिवाद दर्ज होने एवं तीसरी किस्त फैसला आने पर दी जाती थी। अब मुखबिर, डिकॉय गर्भवती महिला एवं सहयोगी को पहली किस्त सफल डिकॉय होने एवं दूसरी किश्त न्यायालय में अभियोजन पक्ष के समर्थन में बयान के बाद दी जाएगी।
    आमजन दें सूचना, बेटियां बचाने में करें सहयोग
    सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया नवीन मुखबिर योजना के क्रियान्वयन से आमजन का भू्रण लिंग परीक्षण रोकथाम में और अधिक सहयोग मिलेगा। उन्होंने आमजन से भू्रण लिंग परीक्षण की रोकथाम में सहयोग करने एवं इसकी शिकायत टोल फ्री नम्बर 104/108 एवं राज्यस्तरीय व्हाट्सएप नम्बर 97999-97795 पर देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ की जनता निश्चित ही इस पावन कार्य में सहयोग देगी एवं कोख के कातिलों को सलाखों के पीछे धकेलने में मदद करेगी।
    गर्भवती महिला को अब दो किश्तों में डेढ़ लाख रुपए
    पीसीपीएनडीटी प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि डिकॉय आॅपरेशन में गर्भवती महिला की अहम भूमिका रहती है। राज्य सरकार का यह निर्णय बेहद प्रभावी साबित होगा, क्योंकि गर्भस्थ शिशु की जोखिम एवं गर्भवती महिला को परेशानी को ध्यान में रखते हुए गर्भवती महिला की राशि में बढ़ोतरी की गई है। पहले गर्भवती महिला को तीन किस्तों में कुल एक लाख रुपए की राशि दी जाती थी। अब उसे दो किस्तों मेंकुुल डेढ़ लाख रुपए की राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी जाएगी। साथ ही पूर्व में मुखबिर को तीन किस्तों में 33 हजार 250 प्रति किश्त, सहयोगी को 16 हजार 625 रुपए प्रति किश्त मिलते थे। लेकिन अब मुखबिर को दो किस्तों में 50-50 हजार रुपए एवं सहयोगी को 25-25 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *