Wednesday, May 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: रिटायर्ड समारोह से लौट रहे दो भाइयों सहित 4 लोगों की मौत

जोधपुर। बोरानाडा थानान्तर्गत बाड़मेर रोड पर भाण्डू गांव के पास शनिवार अपराह्न बस व जीप की भिड़ंत में जीप में सवार दो भाइयों सहित चार वृद्ध जनों की मौत और एक वृद्ध घायल हो गए। पांचों वृद्ध सेवानिवृत्ति समारोह से गांव लौट रहे थे। हादसे से पटेल समाज में शोक व्याप्त हो गया।
थानाधिकारी देवीचंद ढाका ने बताया कि बोरानाडा थानान्तर्गत बासनी सिलावटान गांव निवासी देरामराम (65) पुत्र लक्ष्मणराम पटेल, नवलाराम (70) पुत्र भीखाराम पटेल, भाई दलाराम (65), त्रिलोकराम (68) पुत्र गुणेशराम पटेल और भूराराम (88) पुत्र सिमरथाराम पटेल जीप में सुबह बासनी झूठा गांव में रिश्तेदार के सेवानिवृत्ति समारोह में भाग लेने गए। समारोह की सभा में भाग लेने के बाद अपराह्न में चारों वृद्ध गांव के लिए रवाना हुए।
भाण्डू गांव के पास पहुंचे तो जोधपुर से आ रही निजी बस से जीप की भिड़ंत हो गई। जिससे जीप में सवार देरामराम, नवलाराम व उनके भाई दलाराम व त्रिलोकराम की मौके पर मौत हो गई। जबकि भूराराम गंभीर घायल हो गए। जिन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। मौके से चारों वृद्धों के शव मथुरादास माथुर अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लाए गए, जहां जांच के बाद मृत घोषित किया गया। शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं। हादसे का पता लगते ही लूनी विधायक महेन्द्र बिश्नोई व पूर्व विधायक जोगाराम पटेल और मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। वहीं, पुलिस अधिकारी भी दुर्घटनास्थल और फिर अस्पताल पहुंचे।