मुंबई
शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी है। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 182 पॉइंट गिरकर 52,386 पर बंद हुआ है। साथ ही निफ्टी भी 38 पॉइंट की गिरावट के साथ 15,689 पर बंद हुआ। गिरावट में ऑटो और बैंकिंग शेयर सबसे आगे रहे, जबकि मेटल शेयरों में चमक देखने को मिली।
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 19 शेयरों में गिरावट रही, जिसमें HDFC बैंक, TCS और बजाज ऑटो के शेयरों में 1-1% से ज्यादा की गिरावट रही। वहीं, टाटा स्टील का शेयर 4% और बजाज फिनसर्व के शेयर में 3% की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा भारती एयरटेल का शेयर भी 2% ऊपर 536 पर बंद हुआ है।
BSE पर 3,353 शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें से 1,912 शेयरों में बढ़त और 1,286 में गिरावट देखने को मिली। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप भी 231.15 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
चीन और जापान के बाजारों में भी दबाव
जापान का निक्केई इंडेक्स 156 पॉइंट (0.55%) गिरकर 27,962 पर बंद हुआ है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 1.42 पॉइंट नीचे 3,524 पर बंद हुआ है। हालांकि, हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 169 पॉइंट चढ़कर 27,274 पर बंद हुआ है।
अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट
वॉल स्ट्रीट में अमेरिकी आर्थिक सुधार की गति को लेकर अनिश्चितताओं से गिरावट देखने को मिली। डाऊ जोंस इंडेक्स 259 पॉइंट गिरकर 34,421 पर बंद हुआ। नैस्डैक 105 पॉइंट और S&P 500 भी 37 पॉइंट की गिरावट के साथ बंद हुआ है।
यूरोप के बाजारों में भी भारी गिरावट
फ्रांस का CAC इंडेक्स 130 पॉइंट (2.01%) फिसलकर 6,396 पर बंद हुआ। जर्मनी का DAX इंडेक्स 272 पॉइंट (1.73%) गिरकर 15,420 और ब्रिटेन का FTSE इंडेक्स 120 पॉइंट (1.68%) नीचे आकर 7,030 पर बंद हुआ है।
कल घरेलू बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुआ था
गुरुवार को सेंसेक्स 486 पॉइंट (0.92%) की गिरावट के साथ 52,567 पॉइंट पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी भी 152 पॉइंट (0.96%) के नुकसान के साथ 15,728 पर रहा। कारोबारी दिन के दौरान सेंसेक्स में 675 पॉइंट और निफ्टी में 257 पॉइंट का उतार-चढ़ाव हुआ।