बिना संसाधन-प्रशिक्षण नहीं करेंगी आभा आईडी बनाने का कार्य
by seemasandesh
आशा सहयोगिनियों ने जिला कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। हर माह की पांच तारीख को मानदेय का भुगतान करने व आभा आईडी बनाने का कार्य करने के लिए स्मार्ट फोन तथा डाटा उपलब्ध करवाने सहित दस सूत्री मांगों का निराकरण करवाने के लिए आशा सहयोगिनियों ने सोमवार को जिला कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद आशा सहयोगिनी संगठन की प्रदेशाध्यक्ष सीता स्वामी के बैनर तले मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदेशाध्यक्ष सीमा स्वामी ने कहा कि आभा आईडी बनाने का जो काम चिकित्सक और एएनएम का है वह आशा सहयोगिनियों से करवाने के लिए उन पर दबाव डाला जा रहा है। आशा सहयोगिनियों को नोटिस दिए जा रहे हैं। उन्हें हटाने की धमकी दी जा रही है। लेकिन आशा सहयोगिनी इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आभा आईडी बनाने का काम करने की मनाही नहीं है। बशर्ते आशा सहयोगिनी को मोबाइल फोन उपलब्ध करवा प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। साथ ही काम के बदले दाम दिया जाए। अन्यथा काम नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष प्रमिला ने मांग की कि आशा सहयोगिनी को हर माह की पांच तारीख को मानदेय का भुगतान किया जाए। आशा सहयोगिनी पर मूल कार्य 10 घरों का सर्वे करना, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, छोटे बच्चों सम्बन्धी कार्य के अलावा फालतू के कार्य न थोपे जाएं। आशाओं को स्मार्ट फोन तथा डाटा उपलब्ध करवाया जाए। आशा सहयोगिनी के कार्य की गाइड लाइन जारी की जाए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सम्बन्धी कार्य के अनुसार आशा सहयोगिनी से भी सुबह 10 बजे से 2 बजे तक की समय अवधि में ही कार्य करवाया जाए। चिरंजीवी कार्ड बनवाने पर विभाग की ओर से निर्धारित किए गए प्रति कार्ड 100 रुपए का भुगतान करवाया जाए। आशा सहयोगिनी को पहली व चौथी जांच का मानदेय एकसाथ दिया जाए। प्लस पोलियो अभियान के तहत आशाओं को प्रतिदिन निर्धारित 100 रुपए का बकाया मानदेय दिलवाया जाए। नसबंदी के नए नियम को सभी जगह लागू किया जाए। 10. आभा आईडी एप व पीएमजेवाई एप के कार्य के लिए आशाओं पर दबाव डालकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान न किया जाए। इस मौके पर शहरी अध्यक्ष कौशल्या, जिला महामंत्री गीता देवी, अनुराधा, संगठन सलाहकार रीतू, सुनीता, राजकुमारी, नीलम शर्मा, परमजीत कौर, सावित्री, निशा सहित कई अन्य आशा सहयोगिनी मौजूद थीं।