Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सात दिन में मनरेगा योजना शुरू करने का आश्वासन

  • जिला कलक्टर से मिले गोलूवाला मंडी के मनरेगा मजदूर
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    गोलूवाला मंडी में बंद की गई मनरेगा योजना को पुन: शुरू करने की गुहार लेकर मनरेगा मजदूर सोमवार को जिला कलक्टर रुक्मणि रियार सिहाग के पास पहुंचे। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश मेघवाल के नेतृत्व में जिला कलक्टर से मिले मनरेगा मजदूरों ने जल्द कार्य शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। जिला कलक्टर ने सात दिन में गोलूवाला मंडी में मनरेगा कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने कहा कि पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र की गोलूवाला मंडी की दोनों ग्राम पंचायतों को मिलाकर राज्य सरकार ने नगर पालिका का दर्जा दे दिया। लेकिन नगर पालिका की सुविधा शुरू नहीं की। अभी तक ईओ की नियुक्ति नहीं हुई है। केवल कागजों में नगर पालिका का दर्जा दे दिया। सबसे बड़ा कुठाराघात गोलूवाला के मनरेगा मजदूरों पर यह पड़ा है कि सरकार ने आनन-फानन में आदेश निकाल दिया कि गोलूवाला में मनरेगा योजना को बंद किया जाता है। इन दोनों ग्राम पंचायतों में मनरेगा मजदूर बहुतायत हैं। मनरेगा योजना बंद होने से इन मजदूरों के परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि गोलूवाला मंडी में मनरेगा योजना को बंद न कर लगातार जारी रखा जाएगा। साथ ही कहा कि अगर आश्वासन के अनुसार सात दिन में मनरेगा कार्य दोबारा शुरू नहीं होता है तो मनरेगा मजदूरों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मांगपत्र में गोलूवाला उप तहसील को तहसील का दर्जा देने की मांग भी राज्य सरकार से की गई। इस मौके पर विजयसिंह पूनिया, सुशील गोदारा, हंसराज, रफीक लोदी, गणेश कालवा, शिशपाल निवाद, इन्द्राज, कमलेश भादू, राजेन्द्र मांझू, गंगाराम खटीक, श्योपतराम, सुशील कुमार, मनोहर लाल चौहान, सदासुख राठौड़, पवन कुमार, कमल नयन छिम्पा सहित मनरेगा में कार्य करने वाली कई महिला श्रमिक मौजूद थीं।