Monday, October 27निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

क्षतिग्रस्त सड़क पर टोल वसूली का विरोध

  • टैक्सी चालकों ने सूरतगढ़ रोड स्थित टोल प्लाजा पर किया प्रदर्शन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    सूरतगढ़ फोरलेन सड़क के क्षतिग्रस्त हालत में होने के बावजूद गांव मक्कासर व डबलीराठान के बीच स्थित टोल प्लाजा पर टोल वसूली का विरोध लगातार मुखर होता जा रहा है। सोमवार को हनुमानगढ़, डबलीराठान, पीलीबंगा व सूरतगढ़ क्षेत्र की पिकअप व टैक्सी यूनियन के सदस्य चालकों ने टोल प्लाजा पर एकत्रित होकर टोल वसूलने के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। टैक्सी चालकों का कहना था कि टूटी सड़क पर वे टोल नहीं देंगे। चाहे इसके लिए आंदोलन ही क्यों न करना पड़े। पिकअप चालक रमजान अली ने आरोप लगाया कि मक्कासर-डबलीराठान के बीच फोरलेन पर स्थित टोल प्लाजा पर नाजायज तरीके से टोल वसूला जा रहा है। टाटा एस व पिकअप चालकों से 310 रुपए वसूला जो रहा है जो एक किलोमीटर के 6 रुपए से अधिक वसूला जा रहा है। जितना खर्च तेल पर नहीं होता उससे ज्यादा टोल देना पड़ता है। वह भी उस हालत में जब सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है। इस कारण गाड़ियों को नुकसान पहुंच रहा है। अन्य आवश्यक सुविधाएं भी टोल वसूली करने वाली एजेंसी की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही हैं। टोल प्लाजा कर्मियों की ओर से वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया जाता है। उन्होंने मांग की कि या तो टोल वसूली बंद की जाए या हनुमानगढ़ से सूरतगढ़ तक टूटी हुई सड़क की मरम्मत करवा जायज टोल वसूला जाए। अगर मांग न मानी गई तो बेमियादी समय के लिए टोल प्लाजा पर रात-दिन धरना लगा टोल वसूली बंद करवाई जाएगी। इस मौके पर अनिल कुमार शर्मा, सुरेन्द्र सोनी सहित कई पिकअप-टैक्सी चालक मौजूद थे। गौरतलब है कि इससे पहले 28 जुलाई को भी क्षेत्र के टैक्सी चालकों ने नाजायज रूप से टोल वसूलने का आरोप लगाते हुए टोल प्लाजा टोल फ्री करवाते हुए सांकेतिक धरना देकर विरोध दर्ज करवाया था।