श्रीगंगानगर
दो युवक कार लूटकर भाग गए। कार मालिक और एक अन्य पंजाब से डीजल भरवाकर श्रीगंगानगर की तरफ आ रहे थे। कार रूकते ही दो युवक पास आए और धमकाकर ड्राइविंग सीट से हटा दिया। दोनों युवक बैठे और कार लेकर भाग गए। मामला श्रीगंगानगर के गांव साधुवाली में रविवार रात का है।
गांव दो ई छोटी का सुभाष पुत्र लिखमाराम रविवार को कार में डीजल भरवाकर श्रीगंगानगर की तरफ लौट रहा था। कार सुभाष का परिचित अन्य व्यक्ति चला रहा था। पेट्रोल लेकर लौटते समय गांव साधुवाली के पास पहुंचते ही बाईपास के पास दोनों ने कार रोकी। कार मालिक सुभाष कार से कुछ दूरी पर खड़ा था। इसी दौरान दोनों युवकों ने तेजी से कार चला रहे व्यक्ति को धमकाते हुए कार से उतार दिया।
जब तक कार मालिक कुछ समझ पाता दोनों युवक कार की आगे की सीटों पर बैठे और कार सूरतगढ़ की तरफ भगा दी। मीरा चौक पुलिस चौकी इंचार्ज रामविलास ने बताया कि मामले की जांच शुरू की गई है। घटना स्थल के आसपास लगे कैमरे खंगाले जा रहे हैं। इसकी रिकॉर्डिंग में दो लोग कार के साधुवाली पहुंचने से पहले वहां नजर आ रहे हैं। संभवत: इन्हीं दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस इन युवकों की तलाश कर रही है।