Tuesday, April 14निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जयपुर पुलिस ने 100 किमी पीछा कर पकड़े 3 चोर:नशे की लत डालकर गैंग में जोड़ता बदमाश; टास्क देकर करवाता था चोरी-नकबजनी

जयपुर. पुलिस ने 100 किलोमीटर पीछा कर चोर गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 3 चोरों को अरेस्ट किया है। गिरफ्तार मास्टरमाइंड नशे की लत डालकर बदमाशों को अपनी गैंग में भर्ती करता और फिर टास्क देकर चोरी-नकबजनी की वारदातें करवाता था। हरमाड़ा थाना पुलिस की पूछताछ में तीनों बदमाशों ने जयपुर और महाराष्ट्र में चोरी की करीब 15 वारदात करना स्वीकार किया है। इनके कब्जे से चोरी की बाइक सहित कुछ माल भी बरामद किया गया है।
डीसीपी (वेस्ट) संजीव नेन ने बताया कि बदमाश विशाल उर्फ रामरख (19) पुत्र गोपाल मालावत निवासी शिव शक्ति विहार बैनाड करधनी, मनोज प्रजापत (20) पुत्र हरिराम निवासी अंबेडकर नगर बैनाड करधनी और संजय मीणा (22) पुत्र ओम प्रकाश निवासी भैरव नगर बैनाड हरमाड़ा को अरेस्ट किया गया है।
उन्होंने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल नरेन्द्र सिंह निठारवाल को सूचना मिली कि जयपुर में होने वाली चोरी-नकबजनी की वारदात विशाल अपनी गैंग के साथ कर रहा है। पुलिस टीम ने सूचना पर वारदात करने बाइक पर निकले बदमाशों का पीछा किया। करीब 100 किमी पीछा कर नागौर के नावां में तीनों बदमाशों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर और महाराष्ट्र में करीब 15 वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की एक बाइक और नकबजनी कर चुराया माल बरामद किया है।
नशे का आदि बनाकर गैंग में करता भर्ती
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गैंग का मास्टरमाइंड विशाल उर्फ रामरख है, जो बचपन से ही नशे का आदी है। नशे का शौक पूरा करने के लिए चोरी-नकबजनी की वारदात करता है। कई बार जेल जाने के बाद भी चोरी करना नहीं छोड़ा। अपने साथ बैठने वाले बदमाशों को वह पहले नशे की लत लगाता और नशे का आदी होने पर अपनी गैंग में भर्ती कर लेता। इसके बाद टास्क देकर उनसे चोरी-नकबजनी की वारदातें करवाता। चोरी की बाइक की नंबर प्लेट बदलकर पहले सूने मकानों की रेकी की जाती। मेन गेट पर लॉक लगे मकान या गेट के बाहर धूल जमी देखकर मकान को चिह्नित कर रात के समय वारदात करते थे।