Wednesday, August 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

BJP नेता अरुण साव ने कांग्रेस पर किया तीखा वार, बोले- PM मोदी की बात जनता समझ गई पर कांग्रेस नहीं..

रायपुर. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव एक सप्ताह तक दिल्ली में रहने के बाद शनिवार दोपहर में राजधानी रायपुर पहुंचे। राजधानी के एयरपोर्ट पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। साथ ही कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में उन्होंने एयरपोर्ट पर ही प्रदेश अध्यक्ष कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर केक भी काटी। इसके पहले पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा- लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण देश की हरेक जनता समझ गई, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को समझ नहीं आई। उन्होंने ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में निश्चित रूप से कमल खिलेगा और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।

एक वर्ष में जनता में भाजपा के प्रति विश्वास जागा: अपने एक वर्ष के कार्यकाल में पार्टी के कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए कहा, इस एक वर्ष में पार्टी की ओर कई बड़े-बड़े कार्यक्रम, आंदोलन किए गए हैं। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है, जनता में भाजपा के प्रति विश्वास जागा है। भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, प्रदेश मंत्री किशोर महानंद, प्रदेश कार्यालय प्रभारी नरेशचंद्र गुप्ता, कार्यालय सह प्रभारी रजनीश शुक्ला, प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता व अमित साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी आदि कार्यकर्ता मौजूद थे। महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष ममता साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव को विश्वसनीयता के संकट के दौर से गुजरना पड़ रहा है। वे एक साल में जनता का तो छोड़िए भाजपा के कार्यकताओं का भी भरोसा नहीं जीत पाए। भाजपा केन्द्रीय नेतृत्व भी उनके नेतृत्व क्षमता पर भरोसा नहीं कर पा रहा है। यही कारण है कि छोटी-छोटी समितियों को बनाने के लिए स्वयं अमित शाह और ओम माथुर को बैठना पड़ता है। अमित शाह को भाजपा के नियमित सांगठनिक कार्यों को पूरा करने और चुनाव तैयारियों की बैठक लेने हर हफ्ते छत्तीसगढ़ आना पड़ता है।