नई दिल्ली. कनाडा में हिंदू मंदिरों पर हमले की घटना कम होने का नाम नहीं ले रही है। एक बार फिर कनाडा में खालिस्तान समर्थकों द्वारा हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया है। यह इस साल की तीसरी घटना है। भारत ने कनाडा गवर्नमेंट को हिंदू मंदिरों के साथ हो रही तोड़फोड़ और खालिस्तानी प्रचार को बढ़ावा देने के विरुद्ध कड़ा एक्शन लेने को कहा है।
सामने आया सीसीटीवी वीडियो
दरअसल, कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में कुछ खालिस्तान समर्थकों ने एक हिंदू मंदिर के साथ तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया है। यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है, जिसका वीडियो मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। अराजकतत्वों ने मंदिर में तोड़फोड़ करने के बाद जाते समय मंदिर के मुख्य द्वार पर खालिस्तान जनमत संग्रह के पोस्टर भी चिपकाए हैं। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लोग अपना मुंह छिपाकर मंदिर के अंदर प्रवेश करते हैं, इनमें से एक नीली पगड़ी वाला शख्स मंदिर के मुख्य द्वारा पर खालिस्तानी जनमत संग्रह के पोस्टर लगाता दिख रहा है।
हरदीप सिंह निज्जर के लगाए पोस्टर
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, उपद्रवियों ने अलगाववादी समूह खालिस्तान टाइगर फोर्स के नेता हरदीप सिंह निज्जर की तस्वीरों वाले पोस्टर लगाए हैं, जिनकी बीती 18 जून को दो अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी।
इस साल की तीसरी घटना
गौरतलब है कि कनाडा में हिंदू मंदिरों पर हमले की यह तीसरी घटना है। इसके पहले 31 जनवरी 2023 को कनाडा के ब्रैम्पटन में एक प्रमुख हिंदू मंदिर खालिस्तान समर्थकों ने निशाना बनाया था। इसके बाद अप्रैल में ओंटारियो में एक और हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई थी।