Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

इस हफ्ते फिर बढ़ी सोने की चमक, लेकिन चांदी हजार रुपए से ज्यादा सस्ती होकर 69 हजार के नीचे आई

पिछले हफ्ते के बाद इस हफ्ते भी सोने की चमक बढ़ी है। हालांकि चांदी इस हफ्ते सस्ती हुई है। ज्वैलरी संगठन इंडियन बुलियन एंड जूलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट के अनुसार इस हफ्ते सोना 438 रुपए महंगा होकर 47,863 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है जो इस हफ्ते से पहले 47,425 रुपए पर था। एक्सपर्ट के अनुसार आने वाले दिनों में सोना-चांदी और महंगे हो सकते हैं।

चांदी में आई गिरावट
चांदी के दाम में इस हफ्ते गिरावट आई है। इस चांदी 1,006 रुपए सस्ती होकर 68,789 रुपए पर पहुंच गई है। इस हफ्ते की शुरुआत में ये 69,795 रुपए पर थी। जून के आखिर में सोना 70 हजार प्रति किलोग्राम के पार निकल गई थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इस हफ्ते सोना चमका
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इस हफ्ते सोने में अच्छी बढ़त देखी गई है। सोना इस हफ्ते सोना 1,809 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया है। 5 जून को ये 1791 डॉलर के करीब था। एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में यहां भी गोल्ड में तेजी आ सकती है।

आने वाले दिनों में बढ़ेंगे दाम
IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एंड करेंसी) अनुज गुप्ता कहते हैं कि जुलाई के बाद अगस्त से सराफा बाजार में सोने की मांग बढ़ेगी। इससे ये साल के आखिर तक फिर 55 हजार तक जा सकता है। इसीलिए निवेशकों को इस गिरावट से घबराने की जरूरत नहीं है।

सोने में बढ़ रहा निवेश
सोने में निवेश बढ़ने लगा है। जून महीने में गोल्ड ETF में 359.66 करोड़ का निवेश हुआ है। इससे पिछले महीने यानी मई में इसमें 287.86 रुपए का निवेश हुआ था। हालांकि अप्रैल में यह आंकड़ा 680 करोड़ रुपये रहा था। गोल्ड ETF एक ओपन एंडेड म्यूचुअल फंड होता है, जो सोने के गिरते-चढ़ते भावों पर आधारित होता है। गोल्ड ETF की खरीद-बिक्री शेयर की ही तरह BSE और NSE पर की जा सकती है। हालांकि इसमें आपको सोना नहीं मिलता। आप जब इससे निकलना चाहें तब आपको उस समय के सोने के भाव के बराबर पैसा मिल जाएगा।

12 जुलाई से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश का मौका
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम 2021-22 की चौथी सीरीज की बिक्री 12 जुलाई से शुरू होगी जो 16 जुलाई तक चलेगी। सरकार ने इसके लिए 4,807 रुपए प्रति ग्राम का भाव तय किया है।सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड एक सरकारी बॉन्ड होता है। इसे RBI जारी करता है।

इसमें निवेश करना कैसा रहेगा?
पर्सनल फाइनेंस एक्सपर्ट और ऑप्टिमा मनी मैनेजर्स के संस्थापक व सीईओ पंकज मठपाल कहते हैं कि अगर आप गोल्ड में निवेश करना चाहते हैं तो ये सही समय हो सकता है, क्योंकि कोरोना महामारी के बीच आने वाले दिनों में ये अच्छा रिटर्न दे सकता है। उनके अनुसार बीते 10 सालों की बात करें तो सोने ने औसतन हर साल 10 से 11% रिटर्न दिया है। लम्बे समय के लिए सोने में निवेश फायदेमंद रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *