Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हरभजन सिंह की पत्नी एक्ट्रेस गीता बसरा ने बेटे को दिया जन्म, क्रिकेटर ने पोस्ट शेयर कर बताया-मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं

क्रिकेटर हरभजन सिंह और उनकी पत्नी एक्ट्रेस गीता बसरा दूसरी बार पेरेंट्स बन गए हैं। गीता बसरा ने शनिवार को बेटे को जन्म दिया है। इस बात की जानकारी हरभजन सिंह ने खुद सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर कर फैंस को दी है। इस नोट में हरभजन ने बेटे के जन्म पर खुशी जाहिर करते हुए यह भी बताया है कि मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं।

ब्लेस्ड विद ए बेबी बॉय, शुकर ए तेरा मालका
हरभजन सिंह ने नोट में लिखा “हमारा हाथ थामने के लिए एक नया छोटा हाथ आ गया है। उसका प्यार भव्य और सोने की तरह कीमती है। एक अद्भुत उपहार, इतना खास और स्वीट। हमारे दिल भरे हुए हैं, हमारी लाइफ अब कंप्लीट हो गई है। एक स्वस्थ बच्चे के साथ हमें आशीर्वाद देने के लिए हम ईश्वर का धन्यवाद करते हैं। गीता और बच्चा दोनों बिल्कुल स्वस्थ हैं।”

हरभजन ने नोट में आगे लिखा, “हम खुशी से अभिभूत हैं और अपने सभी शुभचिंतकों को उनके प्यार और सपोर्ट के लिए आभार व्यक्त करना चाहते हैं।” इस नोट के कैप्शन में हरभजन ने लिखा, “ब्लेस्ड विद ए बेबी बॉय, शुकर ए तेरा मालका।” उनके इस पोस्ट पर फैंस, बॉलीवुड सेलेब्स और क्रिकेटर्स कमेंट कर कपल को बधाईयां दे रहे हैं। हरभजन और गीता 27 जुलाई 2016 को पहली बार बेटी हिनाया के पेरेंट्स बने थे। दोनों ने 29 अक्टूबर 2015 को पंजाब के जालंधर में शादी की थी।

पिछले महीने हुआ था गीता का वर्चुअल बेबी शॉवर
पिछले महीने गीता बसरा के दोस्तों ने वर्चुअल बेबी शॉवर अरेंज किया था। गीता ने अपने इस वर्चुअल बेबी शॉवर की खूबसूरत फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर कर लिखा था, “मेरी लड़कियां बेस्ट हैं। कितना सुंदर और स्वीटेस्ट बेबी शॉवर सरप्राइज। पता नहीं मैं आप सभी के बिना क्या करुंगी, लेकिन आप सभी ने मुझे इतना स्पेशल महसूस कराया और मुझे खुश किया। इस समय आप एक-दूसरे के साथ ऐसे पल साथ न बिता पाना मिस करते हो और बहुत सारे स्पेशल सेलिब्रेशन्स मिस कर देते हो। लेकिन आप लोगों ने वास्तव में अपनी सीमा के बाहर जा कर इसे सेलिब्रेट किया। मैं भगवान का शुक्रिया अदा करती हूं, जो हमें दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में होते हुए भी लोगों को डिजिटल प्लैटफार्म के जरिए जोड़े रखते हैं, अपने जीवन में मैं आप लोगों का और पति हरभजन का साथ पाकर बहुत धन्य हूं।”

प्रोटेक्टिव फादर और हस्बैंड हैं हरभजन: गीता
हरभजन सिंह और गीता बसरा ने इस साल की शुरुआत में सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर घोषणा की थी कि वे दूसरी बार पेरेंट्स बनने वाले हैं। गीता ने कुछ दिनों पहले एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि हरभजन प्रेगनेंसी के समय उनका किस तरह से ख्याल रखते हैं। उन्होंने कहा था, “वे बहुत केयरिंग, बहुत प्रोटेक्टिव फादर और हस्बैंड हैं, ओवर सोचते हैं। कई बार मुझे बोलना पड़ता है कि ओवर मत सोचो, ठीक है, सब कुछ सही है। क्योंकि इस माहौल में उन्हें बहुत टेंशन होती है। जब वे मेरे साथ में होते हैं, तब मुझे कुछ नहीं करने देते हैं। बिल्कुल रिलैक्स फील करवाते हैं। मेरे खाने-पीने, सोने का खूब ध्यान रखते हैं।”

गीता ने 2006 में बॉलीवुड में किया था डेब्यू
गीता बसरा ने साल 2006 में फिल्म ‘दिल दिया है’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उनकी दूसरी फिल्म ‘द ट्रेन’ साल 2007 में रिलीज हुई थी और उसका सुपरहिट गाना ‘वो अजनबी’ था। गीता को फिल्मों में आखिरी बार साल 2016 में एक पंजाबी फिल्म में देखा गया था। उन्हें बॉलीवुड में ज्यादा सफलता नहीं मिली थी। 2006 से 2016 के बीच उनकी सिर्फ 7 फिल्में आईं। जिसमें से एक पंजाबी थी। उनकी आखिरी बॉलीवुड फिल्म 2015 में आई ‘सेकंड हैंड हसबैंड’ थी, जो फ्लॉप रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *