नागौर
प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और लगातार बढ़ रहे महिला अत्याचार सहित दुष्कर्म के मामलों को लेकर प्रतिपक्ष उपनेता राजेंद्र राठौड़ ने सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए राज्य सरकार को घेरा है। रविवार सुबह उन्होंने एक के बाद एक 3 ट्वीट करते हुए झालावाड़ के बाद बारां में दिनदहाड़े फायरिंग के बाद हुई युवक की हत्या को प्रदेश सरकार के माथे पर कलंक बताया है। इतना हीं नहीं उन्होंने दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान को अव्वल बताते हुए CM अशोक गहलोत से कहा है कि या तो वे कानून व्यवस्था कि सुध लें या इस्तीफा दें।
प्रतिपक्ष उपनेता राजेंद्र राठौड़ ने पहले ट्वीट में ये कहा
प्रतिपक्ष उपनेता राजेंद्र राठौड़ ने पहले ट्वीट में कहा कि ‘राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और सरकार मस्त है। झालावाड़ के बाद बारां में दिनदहाड़े फायरिंग के बाद युवक की हत्या सरकार के माथे पर कलंक है। सीएम अशोक गहलोत जी अब तो कोरोना का कहर भी कम हो चुका है, कृपया गृह विभाग के मुखिया होने के नाते कानून व्यवस्था की सुध लें अन्यथा इस्तीफा दें।’
दूसरे ट्वीट में बढ़ते महिला अपराधों पर उठाए सवाल
प्रतिपक्ष उपनेता राजेंद्र राठौड़ ने दूसरे ट्वीट में कहा कि ‘राजस्थान में प्रतिदिन बहन-बेटियों के साथ दरिंदगी की घटनाएं सामने आ रही है, लेकिन दुर्भाग्य है कि सरकार के मुखिया महिलाओं व बच्चियों को सुरक्षा देने में पूर्णतः विफल साबित हुए हैं। गूंगी-बहरी हो चुकी गहलोत सरकार को न्याय मांगती अबला की पुकार भी सुनाई नहीं दे रही है।’
प्रदेश दुष्कर्म के मामलों में अव्वल, अपराधी कर रहे दरिंदगी
प्रतिपक्ष उपनेता राजेंद्र राठौड़ ने अपने तीसरे ट्वीट में कहा कि ‘राजस्थान देश में दुष्कर्म के मामलों में पहले पायदान पर है। मानवता को शर्मसार करने वाली दुष्कर्म की घटनाओं के बाद भी राज्य सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है जिसका ही नतीजा है कि अपराधी बेखौफ होकर महिलाओं व बच्चियों के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर रहे हैं।