Wednesday, May 6निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जूनियर अकाउंटेंट और कथित PA की कॉल डिटेल खंगालने में जुटी ACB; शक के दायरे में आयोग मेंबर व रिटायर्ड IPS, इंटरव्यू में भी नहीं आई मेंबर

अजमेर

राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से की जा रही RAS-2018 भर्ती को लेकर रिश्वत मामले में गिरफ्तार आरोपी जूनियर अकाउंटेंट और उसके सहयोग कथित PA से जयपुर मुख्यालय में ACB पूछताछ कर रही है। दोनों की कॉल डिटेल व कांटेक्ट लिस्ट के साथ उनकी सम्पति व अन्य जानकारियों के लिए पड़ताल की जा रही है। साथ ही इस मामले में आयोग मेंबर राजकुमारी गुर्जर व उनके रिटायर्ड IPS पति भी ACB के शक के दायरे में है। ACB उनसे भी पूछताछ कर सकती है। शुक्रवार को हुए रिश्वत कांड के खुलासे के बाद सोमवार को इंटरव्यू का पहला दिन है। इंटरव्यू बोर्ड में मेंबर शामिल होते है, लेकिन सोमवार को मेंबर राजकुमारी गुर्जर आरपीएससी अब तक नहीं आई।

ACB की पूछताछ में पता चला है कि सज्जनसिंह अपने सहयोगी और अपने आपको PA कहने वाले नरेश पोसवाल की मदद से लोगों को फंसाता था। दोनों आरोपियों का किन किन से सम्पर्क था और किन किन से इनकी बातें होती थी। साथ ही इनकी गतिविधियों के बारे में भी ACB पड़ताल करने में जुटी है। अभी तक की पूछताछ में यह तो कंफर्म हो गया है कि राजकुमारी गुर्जर के रिटायर पति भैरोसिंह गुर्जर से इनकी बात होती थी और इनका उनसे सम्पर्क भी था। भर्ती को लेकर ली जानी वाली रिश्वत में उनका क्या रोल था,यह पता लगाया जा रहा है। ऐसे में शक और दोनों आरोपियों से चल रही पूछताछ के आधार पर ACB दोनों से पूछताछ कर सकती है।

नहीं आई राजकुमारी गुर्जर

राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार से RAS- 2018 के इंटरव्यू वापस शुरू हुए। शुक्रवार को हुए रिश्वत कांड के खुलासे के बाद सोमवार को इंटरव्यू का पहला दिन है। इंटरव्यू बोर्ड में मेंबर शामिल होते है और रिश्वत कांड के खुलासे से पहले मेंबर राजकुमारी गुर्जर इंटरव्यू में शामिल रही है। लेकिन शुक्रवार को रिश्वत कांड के खुलासे के बाद सोमवार को होने वाले इंटरव्यू के लिए वो आई ही नहीं। वो शामिल होगी या नहीं, इस बात को लेकर चर्चा जोरों पर थी।

गौरतलब है कि आयोग द्वारा RAS के कुल 1051 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया जारी है। आयोग द्वारा लॉक डाउन के बाद से 21 जून से RAS- 2018 के इंटरव्यू शुरू किए गए हैं। 13 जुलाई तक कुल 1041 अभ्यर्थी के इंटरव्यू पूरे कर लिए जाएंगे। आयोग अंतिम दिन उन अभ्यर्थी को मौका देगा जो किन्हीं कारणों से बीच में इंटरव्यू में अनुपस्थित रहे थे और उनकी एप्लीकेशन आयोग को समय रहते प्राप्त हो गई थी। आयोग द्वारा भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के प्रदेश को जल्द ही 1051 अफसर मिल सकेंगे।

यह है मामला

ACB की जयपुर तृतीय इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि RAS प्रतियोगी परीक्षा 2018 के इंटरव्यू में अच्छे अंक दिलाने एवं सिलेक्शन कराने के एवज में सज्जन सिंह गुर्जर ने 25 लाख रुपए की रिश्वत मांगी है। ASP हिमांशु कुलदीप के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया। इसके बाद अजमेर के काकरिया में किराए के मकान में रह रहे सुनगाड़ी, बांदीकुई, दौसा निवासी सज्जन सिंह गुर्जर को अजमेर में परिवादी ने 23 लाख रुपए (1 लाख रुपए भारतीय मुद्रा एवं 22 लाख डमी मुद्रा) रिश्वत दी।

मौके पर सज्जन सिंह ने खुद काे घिरा पाकर रिश्वत में ली गई नाेटाें की गड्डियों काे पास के मकान की छत पर फेंकना शुरू कर दिया। बाद में ACB टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से नाेटाें की गड्डियां बरामद की। आरोपी ने दो लाख खुद के लिए और 23 लाख रुपए ऊपर के अधिकारियों को पहुंचाने के लिए मांगे थे। इसके बाद देर रात ACB टीम ने सिकंदरा टोल नाके पर काम करने वाले व RPSC मेंबर राजकुमारी गुर्जर के कथित पीए नरेन्द्र पोसवाल को भी ACB ने गिरफ्तार कर लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *