टोक्यो
टोक्यो ओलिंपिक में अब बस 9 दिन का वक्त रह गया है। इससे पहले टाइम मैगजीन ने 48 एथलीट की लिस्ट निकाली है। मैगजीन के मुताबिक ये सभी इस साल बेस्ट प्रदर्शन कर सकते हैं और इन पर ही नजरे रहेंगी। लिस्ट में भारत के शूटर सौरभ चौधरी भी शामिल हैं। वे इसमें जगह बनाने वाले भारत के इकलौते खिलाड़ी हैं। साथ ही लिस्ट में शामिल होने वाले दुनिया के इकलौते शूटर भी हैं। सौरभ ने अब तक इंटरनेशनल कॉम्पिटीशन में 6 साल में 22 मेडल जीत चुके हैं।
सौरभ 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में हिस्सा ले रहे
19 साल के मेरठ के रहने वाले सौरभ को इस बार मेडल जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वे मेंस 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम का हिस्सा हैं। पिछले कुछ सालों में वे दुनिया के बेस्ट शूटर्स में उभरे हैं। टाइम मैगजीन ने भी उनके परफॉर्मेंस को नोटिस किया है और अपनी लिस्ट में जगह दी।
इंटरनेशनल कॉम्पिटीशन में 6 साल में 22 मेडल जीत चुके
मैगजीन ने लिखा कि सौरभ टोक्यो में भारत के गोल्ड पर निशाना साधने की सबसे मजबूत उम्मीद हैं। 2015 में शूटिंग में करियर शुरू करने वाले सौरभ ने अब तक इंटरनेशनल कॉम्पिटीशन में 14 गोल्ड और 6 सिल्वर और 22 मेडल जीते हैं। उनके नाम 8 वर्ल्ड कप गोल्ड मेडल भी है। इसके अलावा सौरभ 2018 एशियन गेम्स में भारत के सबसे युवा गोल्ड मेडलिस्ट भी बने थे।
परफॉर्मेंस की बदौलत 15 सदस्यीय टीम में जगह बनाई
मैगजीन ने लिखा कि इसके एक साल बाद सौरभ ने इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन वर्ल्ड कप में 10 मीटर एयर पिस्टल कैटेगरी में जूनियर और सीनियर लेवल पर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड सेट किया था। इसी की बदौलत उन्होंने भारत के 15 सदस्यीय ओलिंपिक शूटिंग टीम में जगह बनाई थी।
क्रोएशिया के जागरेब में प्रैक्टिस कर रहे हैं सौरभ
सौरभ के अलावा मेंस 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में अभिषेक वर्मा होंगे। वहीं, मिक्स्ड टीम में सौरभ के साथ स्टार शूटर मनु भाकर होंगी। इन दोनों ने हाल ही में दिल्ली में हुए ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप में गोल्ड जीता था। सौरभ फिलहाल शूटिंग दल के साथ क्रोएशिया के जागरेब में यूरोपीय बेस में प्रैक्टिस कर रहे हैं। शूटिंग टीम टोक्यो के लिए जागरेब से 16 जुलाई को रवाना होगी। ओलिंपिक में शूटिंग कॉम्पिटीशन की शुरुआत 24 जुलाई से होगी।
टाइम की लिस्ट में जिमनास्ट सिमोन और डुरंट को जगह
टाइम मैगजीन की लिस्ट में सौरभ के साथ दुनियाभर के 48 स्टार एथलीट्स को जगह मिली है। इसमें जिमनास्ट सिमोन बाइल्स, स्प्रिंटर एलिसन फेलिक्स, नोआ लिल्स और शेली एन फ्रेजर प्राइस, लॉन्ग डिस्टेंस रनर एलिवुड किपचोगे, स्विमर सेलेब ड्रेजल, केटी लेडेकी और बास्केटबॉल स्टार केविन डुरंट शामिल हैं।