करीना कपूर की किताब लॉन्च होने के 5 दिन के अंदर ही विवादों में आ गई है। महाराष्ट्र के बीड शहर में अल्फा ओमेगा क्रिश्चियन महासंघ के अध्यक्ष आशीष शिंदे ने करीना सहित 2 लोगों पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के मुताबिक किताब के शीर्षक में ‘बाइबल’ शब्द ने लोगों में असंतोष पैदा कर दिया है।
राइटर और पब्लिशर भी घेरे में
अल्फा ओमेगा क्रिश्चियन महासंघ के अध्यक्ष आशीष शिंदे ने बीड के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। करीना के खिलाफ IPC की धारा 295-ए (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य, किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को उसके धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करने के इरादे से) के तहत शिकायत दर्ज की गई है। करीना के अलावा इस किताब की दूसरी लेखिका अदिति शाह भीमजानी हैं और इसे जगरनॉट बुक्स ने प्रकाशित किया है।
मुंबई में भी हो सकता है केस दर्ज
शिकायत दर्ज कराने वाले शिंदे ने कहा कि किताब के शीर्षक में ‘बाइबल’ शब्द ने ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक साईनाथ थोम्ब्रे ने बताया, “हमें शिकायत मिली है लेकिन यहां कोई मामला दर्ज नहीं किया जा सकता क्योंकि घटना यहां (बीड में) नहीं हुई है। मैंने उसे मुंबई में शिकायत दर्ज करने की सलाह दी है।”
करीना ने प्रेग्नेंसी बाइबिल को कहा था तीसरा बच्चा
करीना ने लिखा था, “मेरी गर्भावस्था और मेरी प्रेग्नेंसी बाइबिल लिखना, यह एक यात्रा रही है। कुछ अच्छे दिन और कुछ बुरे दिन थे, कुछ दिनों में मैं काम पर जाने के लिए उतावली थी, लेकिन कुछ दिनों में मैं बिस्तर से उठने के लिए भी जूझ रही थी। यह किताब मेरी दोनों प्रेग्नेंसी के दौरान शारीरिक और भावनात्मक अनुभवों को बताती है। ये बहुत ही व्यक्तिगत विवरण है। कई मायनों में यह किताब मेरे तीसरे बच्चे की तरह है… गर्भाधान से लेकर आज इसके जन्म तक।”