इसी महीने 3 जुलाई को 15 साल चली शादी को खत्म करने वाले आमिर खान और किरण राव एक बार फिर साथ नजर आए हैं। फिल्म लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग के लिए आमिर लद्दाख में हैं और यहां उनके साथ किरण भी मौजूद हैं। दोनों यहां जमकर एन्जॉय कर रहे हैं। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ है, इसमें आमिर लद्दाख की ट्रेडिशनल ड्रेस कोस और सुल्मा में डांस करते नजर आ रहे हैं। लद्दाख के निवासी इस वीडियो में आमिर को खास लद्दाखी डांस के स्टेप सिखा रहे हैं और आमिर और किरण उन्हें फॉलो कर रहे हैं।
लाल सिंह चड्ढा में आमिर के साथ करीना और नागा चैतन्य
लाल सिंह चड्ढा में आमिर खान और नागा चैतन्य के अलावा करीना भी काम कर रही हैं। इस फिल्म की कहानी हॉलीवुड मूवी फॉरेस्ट गम्प पर आधारित है। फॉरेस्ट गम्प का किरदार मशहूर अभिनेता टॉम हैंक्स ने निभाया था। लाल सिंह चड्ढा को अद्वैत चंदन डायरेक्ट कर रहे हैं और उम्मीद है कि ये इसी साल क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी। पहले इस फिल्म को 2020 में रिलीज किया जाना था, पर कोरोना की वजह से इसे टालना पड़ा।
अलगाव के बाद भी साथ नजर आए थे आमिर-किरण
तलाक के बाद आमिर और किरण ने एक वीडियो जारी किया था। इसमें वो एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आ रहे थे। इसमें आमिर ने कहा था कि रिश्ता भले बदल गया हो पर दोनों एक-दूसरे के साथ बने रहेंगे। आमिर बोले थे कि हम अभी भी परिवार एक ही है।
16 साल चली थी पहली शादी
आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी। आमिर जब फिल्म क़यामत से क़यामत तक की शूटिंग कर रहे थे, तभी उन्होंने रीना से शादी कर ली थी। 18 अप्रैल 1986 को हुई शादी करीब 16 साल तक चली थी। 2002 में इनका तलाक हो गया था। कपल के दो बच्चे (बेटा जुनैद और बेटी आइरा) हैं, जो अब रीना के साथ रहते हैं।
विवादों में आ गई लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग टीम
आमिर खान प्रोडक्शंस ने इन दावों को खारिज कर दिया है कि लाल सिंह चड्ढा शूटिंग टीम ने लद्दाख में एक शूटिंग लोकेशन को प्रदूषित किया और उस जगह को गंदा छोड़ दिया। आमिर खान की टीम ने लोकेशन को गंदा छोड़ने के आरोपों से इनकार करते हुए एक स्पष्टीकरण जारी किया। हम इस तरह के दावों का खंडन करते हैं। हमारी लोकेशन लोकल अथॉरिटीज की जांच के लिए हमेशा ओपन है, वे जब चाहें आ सकते हैं।