ग्रामीणों ने मौके पर एकत्रित होकर दर्ज कराया विरोध हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। ग्राम पंचायत दो केएनजे की आईटीआई कॉलोनी में चल रहे नाली निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए बुधवार को ग्रामीणों ने निर्माण कार्य स्थल पर एकत्रित होकर विरोध दर्ज कराया। सूचना पर जिला परिषद डायरेक्टर मनीष गोदारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण कर ठेकेदार को सही तरीके से नाली का निर्माण करन की हिदायत दी। इस मौके पर मौजूद ग्रामीण करण प्रजापत का आरोप था कि नाली निर्माण कार्य में अनियमितता बरती जा रही है। कहीं एक फीट चौड़ाई में नाली का निर्माण किया जा रहा है तो कहीं एक फीट से कम। कहीं पर लेवल का ध्यान नहीं रखा जा रहा। नाली के एक तरफ पांच इंच दीवार का निर्माण हो रहा है जबकि नौ इंच का प्रावधान है। जब वे इसकी शिकायत करने के लिए सरपंच प्रतिनिधि से मिले तो वे आग-बबूला हो जाते हैं। ग्रामीणों को कोई सुनवाई नहीं हो रही। वहीं जिला परिषद डायरेक्टर मनीष गोदारा ने बताया कि शिकायत पर वे मौके पर पहुंचे। अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में जांच की तो कुछ जगह नाली का लेवल उबड़-खाबड़ नजर आया। मौके पर मौजूद सरपंच प्रतिनिधि व ठेकेदार को नाली का लेवल सही करने को कहा गया है। क्योंकि यह यह गरीब परिवारों की बस्ती है। बारिश के समय यहां से पानी की निकासी न होने की समस्या रहती है। अगर नालियों का निर्माण सही लेवल से नहीं किया गया तो बारिश का पानी लोगों के घरों में चला जाएगा। उधर, मौके पर मौजूद सरपंच प्रतिनिधि रतन ने बताया कि ग्राम पंचायत दो केएनजे की आईटीआई कॉलोनी में करीब 7 लाख रुपए की लागत से सीसी ब्लॉक सड़क व नाली का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। उनका आरोप था कि चुनावी रंजिश के चलते कुछ जने ग्रामीणों को भड़का रहे हैं। फिर भी ठेकेदार को कहा गया है कि ग्रामीणों को अगर निर्माण कार्य में कोई कमी लगती है तो उसे तुरंत दूर किया जाए। इस दौरान वार्ड पंच व कई ग्रामीण मौजूद थे।