फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की अपकमिंग फिल्म ‘बैजू बावरा’ पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा में बनी हुई है। अभी कुछ दिन पहले खबर आई थी कि अभिनेता रणबीर कपूर ने भंसाली की म्यूजिकल लव स्टोरी ‘बैजू बावरा’ को करने से इंकार कर दिया था। अब सूत्रों से पता चला है कि रणबीर को असल में कभी बैजू बावरा ऑफर ही नहीं हुई। ‘बैजू बावरा’ की कास्टिंग की बात करें तो इस बारें में भंसाली के प्रोडक्शन हाउस से जुड़े सूत्र ने बताया कि इस फिल्म के लिए रणवीर सिंह के नाम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। हालांकि अभी तक कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। फिलहाल तो भंसाली अपनी पहली वेब सीरिज ‘हीरा मंडी’ की स्टार कास्ट फाइनल करने में जुटे हुए हैं। ‘हीरा मंडी’ की बात करें तो इसके लिए भंसाली ने हुमा कुरैशी और सोनाक्षी सिन्हा को पहले ही लॉक कर दिया है।
‘टाइगर 3’ के लिए जिम में जमकर पसीना बहा रहे हैं सलमान खान
पिछले काफी दिनों से सलमान खान की फिल्म ‘टाइगर 3’ चर्चा में है। यह फिल्म सलमान की सुपरहिट फिल्म ‘एक था टाइगर’ और ‘टाइगर जिंदा है’ के बाद इस सीरीज की तीसरी फिल्म है। फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली हैं। इस फिल्म के लिए सलमान खान खास तैयारी कर रहे हैं और उन्होंने इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है। सलमान ने मंगलवार को एक शॉर्ट वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में सलमान खान जिम में एक्सरसाइज करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में सलमान की बॉडी देखने लायक है। वीडियो शेयर करते हुए सलमान ने लिखा, “मुझे लगता है कि यह आदमी ‘टाइगर 3’ के लिए ट्रेनिंग कर रहा है।” बता दें कि ‘टाइगर 3’ में सलमान के अलावा इमरान हाशमी और कटरीना कैफ भी लीड रोल में नजर आने वाली हैं। मनीष शर्मा के डायरेक्शन में बन रही यह फिल्म अगले साल रिलीज होगी।
मनोज बाजपेयी की ‘डायल 100’ का ट्रेलर हुआ रिलीज
मनोज बाजपेयी ने बीते दिनों अपनी वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ से खूब सुर्खियां बटोरीं थीं। अब एक बार फिर मनोज बाजपेयी अपनी अपकमिंग थ्रिलर फिल्म से ऐसा ही जादू चलाने की तैयारी में हैं। उनकी फिल्म ‘डायल 100’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसमें वे एक पुलिस अफसर की भूमिका में हैं। वे एक पुलिस इमरजेंसी कॉल सेंटर में काम रहे हैं और इसी बीच एक दिन एक फोन कॉल उनकी जिंदगी बदल देता है। रेंसिल डी’सिल्वा निर्देशित इस फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ नीना गुप्ता और साक्षी तंवर भी लीड रोल में हैं। ‘डायल 100’ की कहानी साल 2013 में रिलीज हॉलीवुड साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘द कॉल’ से मिलती जुलती है। मनोज बाजपेयी इसमें निखिल सूद की भूमिका में हैं। जबकि साक्षी तंवर ने फिल्म में मनोज बाजपेयी की पत्नी प्रेरणा सूद का रोल प्ले किया है। मनोज बाजपेयी की यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘जी-5’ पर 6 अगस्त को रिलीज होगी।
‘गदर 2’ में इस बार बेटे को लेने पाकिस्तान जाएगा तारा सिंह
सनी देओल की सुपरहिट फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ का सीक्वल बनने जा रहा है। हालांकि इस बार फिल्म की कहानी थोड़ी अलग होगी। सूत्रों के मुताबिक, ‘गदर 2’ की स्टोरी को एक लाइन में बताया जाए तो इस बार सनी देओल अपनी पत्नी सकीना नहीं बल्कि अपने बेटे को लेने के लिए पाकिस्तान जाएंगे। बता दें कि एक महीने पहले ही ‘गदर’ को रिलीज हुए 20 साल पूरे हुए थे। तब डायरेक्टर अनिल शर्मा ने ‘गदर 2’ बनाए जाने को कन्फर्म तो नहीं किया था मगर यह कहा था कि वह इस फिल्म को जरूर बनाना चाहते हैं। फिल्म में तारा सिंह का दमदार किरदार सनी देओल ने निभाया था। तारा सिंह की पत्नी सकीना का किरदार अमीषा पटेल ने निभाया था और इनके बेटे चरणजीत का किरदार उत्कर्ष शर्मा ने निभाया था। फिल्म के सीक्वल ‘गदर 2’ में ओरिजनल कास्ट ही रहेगी। डायरेक्टर अनिल शर्मा जल्द ही इसकी स्क्रिप्ट लिखेंगे।

टिस्का चोपड़ा 2021 में अपनी पहली फीचर फिल्म का करेंगी निर्देशन
टिस्का चोपड़ा हमेशा कई चीजों में बहुमुखी और डबलिंग रही हैं। एक एक्टर से लेकर एक निर्माता से लेकर एक निर्देशक से लेकर एक टॉक शो होस्ट से लेकर एक लेखक तक उन्होंने बहुत कुछ किया है। अपनी पहली निर्देशित लघु फिल्म ‘रूबरू’ की अपार सफलता के बाद वह अब एक फीचर फिल्म का निर्देशन करने के लिए तैयार हैं। वे 2021 के अंत तक शूटिंग शुरू करने की योजना बना रही हैं। कई चीजों को करने बारे में बात करते हुए टिस्का ने कहा, “मुझे रूबरू का निर्देशन करने में मजा आया और अब मैं साल के अंत तक अपनी पहली फीचर फिल्म निर्देशित करने के लिए बहुत उत्सुक हूं। लेखन मेरे पास स्वाभाविक रूप से है और मैं अपने आप को सौभाग्यशाली महसूस करती हूं कि मेरे प्रकाशकों ने मुझ पर विश्वास किया है और मुझे लिखने का मौका देते रहे हैं। अभिनय निश्चित रूप से मेरा मुख्य आधार है। तो हां, सौभाग्य से मुझे बहुत सी चीजों में हाथ आजमाने का मौका मिला है। ऐसा लगता है कि मुझमें उन सभी के लिए ऊर्जा है और मैं उन सभी का आनंद लेती हूं, तो क्यों न उन सभी को किया जाए?” टिस्का चोपड़ा बॉलीवुड में मशहूर हस्तियों में है से एक हैं जो कई कलाओं में माहिर हैं।