Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

शेयर बाजार में तेज उतार-चढ़ाव:138 पॉइंट चढ़कर 52,975 पर बंद हुआ सेंसेक्स, 32 पॉइंट की मजबूती के साथ 15,856 पर रहा निफ्टी; रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में हुई जमकर खरीदारी

हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन घरेलू बाजार खासे उतार-चढ़ाव के बीच मजबूती के साथ बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 138.59 पॉइंट यानी 0.26% चढ़कर 52,975.80 पर रहा। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 32.00 यानी 0.20% की मजबूती के साथ 15,856.05 पर बंद हुआ।

फ्रंटलाइन शेयरों में उतार-चढ़ाव के बीच मझोले शेयरों के इंडेक्स में तेजी रही। निफ्टी मिड कैप 0.11% की मजबूती के साथ बंद हुआ, स्मॉल कैप इंडेक्स 0.55% गिर गया। निफ्टी बाजार को सपोर्ट देने वाले सेक्टर इंडेक्स में सबसे ज्यादा 1.29% का उछाल रियल्टी में आया। निफ्टी मीडिया (0.98%), एनर्जी और ऑटो में बिकवाली का दबाव बना।

अगर इंडिविजुअल शेयरों की बात करें, तो जुबिलेंट फूड, ICICI बैंक, MFSL, डॉ लाल पैथलैब्स, इंडियाबुल्स हाउसिंग, विप्रो, ITC, ACC, SBI, ICICI प्रू, टाटा कंज्यूमर, टेक महिंद्रा, नेस्ले, DLF और UBL में मजबूती रही। इंडस टावर, ग्लेनमार्क, टाटा मोटर्स, PVR, भारत फोर्ज, टाटा केमिकल, कैडिला हेल्थकेयर और HUL में कमजोरी का रुझान रहा।

आज सेंसेक्स में 461 पॉइंट और निफ्टी में 131 पॉइंट का उतार-चढ़ाव हुआ। 130 पॉइंट की मजबूती के साथ खुला सेंसेक्स 53,114.70 तक गया लेकिन, फिर 52,653.77 तक गिर गया। इसी तरह पिछले बंद भाव से 32 पॉइंट ऊपर खुला निफ्टी 15,899.80 तक पहुंचा निफ्टी तेज गिरावट के साथ 15,768.40 तक फिसल गया था।

निफ्टी ने पॉजिटिव शुरुआत दी और सुबह की गिरावट में 15,770 के जोन में सपोर्ट लिया। एनएसई का बेंचमार्क इंडेक्स इसके बाद 15,900 पॉइंट की तरफ बढ़ता नजर आया। यह ऊंचे लेवल पर बने रहने में नाकामयाब रहा और इसने बढ़त का बड़ा हिस्सा खो दिया। वायदा बाजार के सौदे निफ्टी के 15,700 से 16,000 के बीच रहने के संकेत दे रहे हैं।

आज तेज उतार-चढ़ाव के बीच वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX में 0.99% की गिरावट आई। बाजार में उतार-चढ़ाव की घटना बाजार पर मंदड़ियों की पकड़ तेज होने का संकेत होता है। ऐसे में हर बार ठीक-ठाक गिरावट आने पर खरीदारी निकलती है।

ट्रेडिंग का पैटर्न बाजार में हर बिकवाली पर खरीदारी होने का संकेत दे रहा है, लेकिन ऊंचे लेवल खरीदारी का सपोर्ट नहीं मिल रहा है। ऐसे में अगर निफ्टी 15,800 से ऊपर बना रहा तो 15,962 की तरफ बढ़ता नजर आएगा। इसके बाद उसका निशाना 16,000 का लेवल होगा। गिरावट आने पर निफ्टी को पहले 15,750 पर सपोर्ट मिलेगा। इससे नीचे आने पर इसमें 15,700 पर खरीदारी निकल सकती है।

एशिया में मिला-जुला रुझान

आज एशिया के बाजारों में मिला-जुला का रुझान रहा। जापान का निक्केई 0.58% मजबूती के साथ बंद हुआ। चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.68% की गिरावट आई। हांगकांग का हैंगसेंग 1.5% टूट गया। कोरिया का कोस्पी 0.13% ऊपर बंद हुआ। ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डनरी में 0.16% की बढ़त रही।

यूरोप में मजबूत शुरुआत

शुक्रवार को यूरोपीय बाजारों में मजबूत शुरुआत हुई। ब्रिटेन का FTSE लगभग 0.9% ऊपर ट्रेड कर रहा है। फ्रांस का CAC लगभग 1% ऊपर चल रहा है। जर्मनी के DAX में लगभग 0.90% की मजबूती है। गुरुवार को अमेरिकी बाजारों में मजबूती रही थी। डाऊ जोंस 0.07% की बढ़त के साथ बंद हुआ था। नैस्डैक में 0.36% की मजबूती आई थी। S&P 500 में 0.20% की तेजी रही थी।

FII और DII डेटा

NSE पर मौजूद प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, 22 जुलाई को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध रूप से 247.59 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। यानी उन्होंने जितने रुपए के शेयर खरीदे, उससे इतने ज्यादा रुपए के शेयर बेच दिए। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने शुद्ध रूप से 942.55 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *