कोलंबो
श्रीलंका ने भारत को आखिरी वन-डे में 3 विकेट से हरा दिया। 227 रन के टारगेट को श्रीलंकाई टीम ने 39वें ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। टीम इंडिया को 68 रन बनाने में 7 विकेट गंवाना भारी पड़ा। इसकी वजह से टीम 43.1 ओवर में 225 रन पर ऑल-आउट हो गई थी।
बारिश की वजह से डकवर्थ लुईस मैथड (DLS) के तहत टीम इंडिया के टोटल (225) में 1 रन बढ़ाया गया। DLS के मुताबिक, भारत का टोटल 226 रन रहा। श्रीलंका की ओर से अविष्का फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 76 रनों की पारी खेली। उन्हें इसके लिए मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला। वहीं, भानुका राजपक्षा ने 65 रन बनाए।

वनडे ट्रॉफी के साथ टीम इंडिया।
शिखर धवन ने बतौर कप्तान अपनी पहली सीरीज में टीम इंडिया को जीत दिलाई। भारत ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम की। सूर्यकुमार यादव को मैन ऑफ द सीरीज अवॉर्ड मिला। अब दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज की शुरुआत 25 जुलाई से होगी।

राहुल चाहर ने अपने पहले वन-डे में 3 विकेट झटके। उन्होंने श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका, अविष्का फर्नांडो और करुणारत्ने को आउट किया।

इस साल IPL में पहली बार खेलने वाले साकरिया (राजस्थान रॉयल्स) ने अपनी बॉलिंग से सभी को प्रभावित किया था। उन्होंने लीग के दौरान विकेट लेने पर कुछ इस प्रकार सेलिब्रेट किया था। यह सेलिब्रेशन पोज उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ विकेट लेने पर भी अपनाया।
अविष्का और राजपक्षा की पारी ने श्रीलंका को जीत दिलाई
- श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 35 रन पर टीम का पहला विकेट गिरा। गौतम ने मिनोद भानुका को चेतन साकरिया के हाथों कैच कराया। वे 7 रन बनाकर आउट हुए। यह गौतम का पहला इंटरनेशनल विकेट रहा।
- इसके बाद राजपक्षा और अविष्का ने पारी संभाली। अविष्का ने इस दौरान सीरीज में लगातार दूसरी फिफ्टी लगाई। दूसरे वन-डे में उन्होंने 50 रन की पारी खेली थी। अविष्का की वन-डे में ओवरऑल 5वीं फिफ्टी है।
- राजपक्षा और अविष्का के बीच दूसरे विकेट के लिए 109 रन की पार्टनरशिप हुई। राजपक्षा ने वन-डे में पहला अर्धशतक लगाया। इसके बाद चेतन साकरिया ने 7 बॉल में 2 विकेट झटके।
- साकरिया ने 23वें ओवर की आखिरी बॉल पर राजपक्षा को कृष्णप्पा गौतम के हाथों कैच कराया। उन्होंने 56 बॉल में 65 रन बनाए। ये साकरिया का पहला इंटरनेशनल विकेट रहा।
- इसके बाद 25वें ओवर की आखिरी बॉल पर साकरिया ने श्रीलंकाई उप-कप्तान धनंजय डिसिल्वा को अपने ही बॉल पर कैच किया। वे 2 रन बना सके।
- चरिथ असलंका 28 बॉल पर 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें हार्दिक पंड्या ने LBW किया। असलंका और अविष्का के बीच तीसरे विकेट के लिए 43 रन की पार्टनरशिप हुई।
- स्पिनर राहुल चाहर ने आखिरी लम्हों में 3 विकेट लेकर मैच में रोमांच ला दिया। 26 रन के अंदर श्रीलंका ने 4 विकेट गंवा दिए। उन्होंने पहले श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका को मनीष पांडेय के हाथों कैच कराया। वे शून्य पर आउट हुए।
- इसके बाद चाहर ने अविष्का फर्नांडो को पृथ्वी शॉ के हाथों कैच कराया। अविष्का ने 98 बॉल पर 76 रन की पारी खेली। चाहर की बॉल पर संजू सैमसन ने चमिका करुणारत्ने को स्टंप किया।
- हालांकि, आखिर में अकिला धनंजय और रमेश मेंडिस ने श्रीलंका को जीत तक पहुंचाया। मेंडिस 15 रन और अकिला 5 रन बनाकर नाबाद रहे।