टोक्यो
टोक्यो ओलिंपिक में भारत की बेटियों का शानदार खेल जारी है। रविवार को मुक्केबाजी में एमसी मेरीकॉम, बैडमिंटन में पीवी सिंधु और टेबल टेनिस में मनिका बत्रा ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। बैडमिंटन में पीवी सिंधु ने इजराइल की प्रतिद्वंद्वी सेनिया पोलिकारपोवा को हराया।
बॉक्सिंग में एमसी मेरीकॉम ने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में डोमनिकन रिपब्लिक की गार्सिया हर्नांडेज को 4-1 से मात दी। टेबल टेनिस में मनिका बत्रा ने 20वीं सीड यूक्रेन की खलाड़ी को हराया। रोइंग (नौकायन) से भी अच्छी खबर आई है। पुरुषों के लाइट वेट डबल्स स्कल्स इवेंट में अर्जुन लाल और अरविंद सिंह की जोड़ी रेपचेज रेस के जरिए सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर गई है।
दूसरी ओर, शूटिंग, टेनिस और हॉकी में भारत को निराशा झेलनी पड़ी। शूटिंग में पुरुष 10 मीटर एयर राइफल और महिला 10 मीटर एयर पिस्टल में कोई भी भारतीय निशानेबाज फाइनल में जगह नहीं बना सका। पुरुष हॉकी में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 7-1 के बड़े अंतर से हराया।
28 मिनट में जीतीं सिंधु
बैडमिंटन में मेडल की उम्मीद और रियो की सिल्वर मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने ग्रुप स्टेज में अपना पहला मुकाबला जीत लिया है। उन्होंने ग्रुप जे के मुकाबले में इजराइल की सेनिया पोलिकारपोवा को आसानी से 21-7, 21-10 से हरा दिया। सिंधु ने यह मैच सिर्फ 28 मिनट में खत्म कर दिया। इस दौरान उन्होंने लगातार 12 पॉइंट भी अपने नाम किए।
मेरीकॉम को पहले दो राउंड में मिली कड़ी चुनौती
तीन बच्चों की मां 38 साल की मेरीकॉम को अपनी बाउट के पहले दो राउंड में कड़ी टक्कर मिली। पहले राउंड में 3 जजों ने मेरीकॉम को 10-1 पॉइंट दिए। वहीं, 2 जजों ने उनकी प्रतिद्वंद्वी को 10-10 पॉइंट दिए। दूसरे राउंड में भी ऐसा ही हुआ, लेकिन तीसरे राउंड में भारतीय मुक्केबाज ने अपना पूरा अनुभव झोंक दिया और डोमनिकन मुक्केबाज को टिकने नहीं दिया।
इस राउंड में तीनों जजों ने मेरीकॉम को 10-10 पॉइंट दिए। हालांकि, पुरुष बॉक्सिंग में भारत के लिए अच्छी खबर नहीं है। 63 किलोग्राम वेट कैटेगरी में मनीष कौशिक को ब्रिटेन के ल्यूक मैककॉर्मैक के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।