Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गहलोत के OSD और उपनेता प्रतिपक्ष में शायराना भिड़ंत:राठौड़ का तंज- बारिश तने हुए महलों को दफन कर जाएगी, OSD का जवाब- नीवें हैं इतनी गहरी…दफन तो दूर, दरार तक नहीं आएगी

जयपुर

राजस्थान में चल रहे मौजूदा सियासी घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ट्विटर पर भिड़ गए हैं। दोनों नेताओं के बीच शायराना वार-पलटवार चर्चा का विषय बन गया है। शुरुआत मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेश शर्मा के ट्वीट से हुई। कल रविवार को लोकेश शर्मा ने ट्वीट कर मंत्रिमंडल फेरबदल पर लग रहे तुक्कों पर इशारों में तंज कसा, जिसका जवाब उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने आज सोमवार को शायराना अंदाज में दिया।

गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने लिखा- तीर तुक्के अटकलें, गहमागहमी है बनी हुई, लो सावन भी शुरू हो गया पर बारिश का अभी पता नहीं। इस पर उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने जवाबी ट्वीट किया- बादल, बिजली और बारिश दहशत लेकर आएगी। बनकर बाढ़ का कहर देखना। ये तने हुए महलों को दफन कर जाएगी। राठौड़ के इस तंज का लोकेश शर्मा ने फिर उसी अंदाज में जवाब देते हुए लिखा- बुलंद महलों की नीवें हैं इतनी गहरी…दफन तो दूर, दरार तक नहीं आएगी।

शायराना वार-पलटवार के पीछे छिपे सियासी मर्म

मुख्यमंत्री के ओएसडी लोकेश शर्मा और उपनेता प्रतिपक्ष ने मौजूदा सियासी घटनाक्रम पर इशारों ही इशारों में एक दूसरे पर तंज कसे हैं। माना जा रहा है कि लोकेश शर्मा ने पहले ट्वीट में नाम लिए बिना मंत्रिमंडल फेरबदल में पायलट खेमे को तवज्जो देने की अटकलों पर तंज सकते हुए सावन में बारिश नहीं होने की आड़ लेकर अब तक कोई प्रगति नहीं ​होने पर तंज कसा है। उधर उपनेता प्रतिपक्ष ने गहलोत पायलट खेमों की आपसी लड़ाई से कांग्रेस को हो रहे नुकसान और आगे सियासी सुनामी आने की तरफ इशारा करके पलटवार किया है। फोन टेपिंग केस में लोकेश शर्मा के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद पूछताछ का नोटिस दे दिया है, 6 अगस्त को हाईकोर्ट में केस की सुनवाई है। राठौड़ ने इस केस की तरफ भी इशारा किया है। उधर लोकेश शर्मा ने भी इशारों में खुद के सियासी रसूखात की बात कही है। सियासी हलकों में मुख्यमंत्री के ओएसडी और उपनेता प्रतिपक्ष की ट्विटर पर यह शायराना भिड़ंत चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *