कोटा
भाजपा में वसुंधरा राजे को सीएम चेहरा घोषित करने की नेताओं की मांग पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री व रामगंजमंडी से विधायक मदन दिलावर ने मोर्चा खोला है। वीडियो बयान जारी कर विधायक मदन दिलावर ने कहा कि बीजेपी की ताकत जनता व कार्यकर्ता है। किसी व्यक्ति विशेष की नहीं है। उन्होंने कहा कि उमा भारती, कल्याण सिंह, येदुरप्पा, खुद का चेहरा लेकर चुनाव लड़े थे, लेकिन मात खा गए। यदि किसी को कोई गलतफहमी हो तो पार्टी से हटकर चुनाव लड़कर दिखाए।
हाल ही में भाजपा से निलंबित किए गए वसुंधरा समर्थक नेता रोहिताश शर्मा ने वसुंधरा को पार्टी का चेहरा घोषित करने की मांग की थी। इसका जवाब देते हुए दिलावर ने कहा कि पार्टी से निष्कासित रोहिताश शर्मा कहते हैं यदि अमुक नेता को कमान नहीं दी तो बीजेपी की सरकार नहीं आएगी। ये पार्टी, करोड़ों लोगों के खून-पसीने से बनी है। किसी एक व्यक्ति की पार्टी नहीं है।
जनता एक व्यक्ति के काम पर वोट नहीं देती
बीजेपी के कार्यकर्ता व्यक्ति निष्ठ नहीं हैं, संगठन निष्ठ हैं। जनता किसी एक व्यक्ति के काम पर वोट नहीं देती। नरेंद्र मोदी ने कई प्रांतों के चुनाव बिना सीएम चेहरा घोषित किए लड़े हैं और जीते हैं। ये कहना कि रामगंजमंडी से मदन दिलावर लड़ेगा तभी चुनाव जीतेंगे, ये मदन दिलावर की गलतफहमी नहीं होना चाहिए। यदि मदन दिलावर ऐसा सोचता है तो उससे ज्यादा मूर्ख कोई नहीं है।
सिद्धांत, कार्यक्रम, त्याग और बलिदान पर वोट मिलता है
बीजेपी के सिद्धांत, कार्यक्रम, त्याग, तपस्या, बलिदान इस पर वोट मिलता है। जनता सब जानती है। इसलिए रोहिताश जी आप गलतफहमी नहीं फैला पाएंगे। ये बीजेपी के कार्यकर्ता, समर्थक और जनता है जो पार्टी को वोट देगी। नहीं तो बहुत से चेहरों के बारे में भी सुना है जिन्होंने खुद का चेहरा आगे करके चुनाव लड़ा था। उमा भारती, कल्याण सिंह, येदुरप्पा खुद का चेहरा लेकर चुनाव लड़े थे, लेकिन मात खा गए। यदि किसी को कोई गलतफहमी हो तो वो बीजेपी से अलग हटकर चुनाव लड़कर दिखाए।