Saturday, June 27निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बाजार में जबर्दस्त एंट्री:तत्व चिंतन के शेयर से दोगुनी कमाई, 1083 रुपए का शेयर 2111 रुपए पर लिस्ट; IPO भी 180 गुना भरा था

मुंबई

शेयर बाजार में स्पेशियलिटी केमिकल बनाने वाली कंपनी तत्व चिंतन की एंट्री जोरदार रही। निफ्टी पर 1083 रुपए का शेयर 2,111.85 रुपए पर लिस्ट हुआ। यानी निवेशकों को प्रति शेयर दोगुनी कमाई हुई। IPO में निवेशकों को एक शेयर 1,083 रुपए पर मिला था।

BSE पर 130% ऊपर 2,486.30 रुपए तक गया था
दोनों एक्सचेंज पर तत्व चिंतन का शेयर इश्यू प्राइस से लगभग 109% यानी 1183 रुपए ऊपर ट्रेड कर रहा है। यह ट्रेड के दौरान 2,486.30 रुपए तक भी पहुंचा। इसी तरह निफ्टी पर भी शेयर 134% के उछाल के साथ 2,534.20 रुपए तक पहुंचा।

IPO 180.36 गुना सब्सक्राइब हुआ था
तत्व चिंतन का IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 16 जुलाई से 20 जुलाई तक खुला था। इसका इश्यू साइज 500 करोड़ रुपए का था, जिसमें 225 करोड़ के फ्रेश शेयर और 275 करोड़ के ऑफर फॉर सेल (OFS) जारी हुए। OFS में मौजूदा निवेशकों और प्रमोटर्स ने अपने हिस्सेदारी के शेयर जारी किए। IPO में आम निवेशकों के लिए रिजर्व शेयर पर 35.35 गुना ज्यादा शेयरों पर बोली मिली थी। बोली के लिहाज से सबसे ज्यादा 512.22 गुना की मांग HNI (दो लाख रुपए से ज्यादा के शेयरों के लिए अप्लाई करने वाले निवेशकों) की रही।

साल का दूसरा सबसे ज्यादा सब्सक्रिप्शन पाने वाला इश्यू
स्पेशियाल्टी केमिकल कंपनी का IPO पहले दिन IPO 4.51 गुना, दूसरे दिन 15.05 गुना, जबकि तीसरे और अंतिम दिन कुल 180.36 गुना का भरा था। इस लिहाज से तत्व चिंतन का IPO 2021 में दूसरा सबसे ज्यादा भरने वाला इश्यू रहा। पहले पायदान पर MTAR टेक का IPO है, जो 200 गुना भरा था।

शेयर IPO से पहले कॉम्पिटिटर से एक तिहाई सस्ता था
आर्थिक और वित्तीय आंकड़ों के हिसाब से तत्व चिंतन का शेयर IPO से पहले लिस्टेड कॉम्पिटिटर से सस्ता था। इसके शेयर 41.62 P/E पर लाए गए और इश्यू प्राइस पर इसका मार्केट कैप 240.04 करोड़ रुपए था। इसकी करीबी कॉम्पिटिटर आरती इंडस्ट्रीज में बुधवार तक लगभग 60.99 P/E और नवीन फ्लोरीन में 67.63 P/E पर ट्रेड हो रहा था।

इलेक्ट्रोलाइट साल्ट की सबसे बड़ी घरेलू उत्पादक कंपनी
तत्व चिंतन SDA केमिकल बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। यह सुपर कैपेसिटर बैटरी में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रोलाइट साल्ट की सबसे बड़ी घरेलू उत्पादक कंपनी है। ऊर्जा के हरित और अक्षय स्रोतों के साथ ही देश दुनिया में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे में इलेक्ट्रोलाइट साल्ट के कारोबार में जोरदार उछाल का फायदा तत्व चिंतन को मिलेगा। साथ ही कंपनी क्रॉप प्रोटेक्शन, API यानी दवाइयों में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पेंट, डिटेर्जेंट समेत टेक्सटाइल सेगमेंट के लिए भी केमिकल तैयार कर रही है।

70% आमदनी एक्सपोर्ट से
कंपनी अपने प्रॉडक्ट घरेलू इंडस्ट्रीज को सप्लाई करने के अलावा विदेश में भी सप्लाई करती है। कंपनी अमेरिका, चीन, जर्मनी, जापान, साउथ अफ्रीका और ब्रिटेन सहित 25 से ज्यादा देशों में एक्सपोर्ट करती है। गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2020 को खत्म नौ महीनों में कंपनी को 70% आमदनी एक्सपोर्ट से हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *