Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

हैप्पी बर्थडे सोनू निगम:अजान, राधे मां से लेकर म्यूजिक इंडस्ट्री के माफियाओं तक, इन नाजुक मुद्दों पर बयान देकर विवादों से घिर चुके हैं सिंगर सोनू निगम

बॉलीवुड इंडस्ट्री में अपनी सुरीली आवाज से जादू बिखेरने वाले सिंगर सोनू निगम आज पूरे 48 साल के हो चुके हैं। सिंगर ने महज 4 साल की उम्र से अपने पिता के साथ शादियों और स्टेज पर गाना शुरू किया था जिसके बाद वो म्यूजिक करियर बनाने के लिए 19 साल की उम्र में गाजियाबाद से मुंबई पहुंच गए थे। आज सोनू इंडस्ट्री के सबसे पॉपुलर सिंगर्स में से एक हैं जिनके गाने लोगों के दिल और दिमाग में बसे हुए हैं। लेकिन कई बार ऐसा भी हुआ है जब सोनू अपने गानों की बजाए अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। आज सिंगर के जन्मदिन पर आइए जानते हैं कैसे हैं उनके विवादित बयान-

अजान के खिलाफ बयान देकर फंसे थे सोनू

सोनू निगम ने पांच वक्त की अजान के खिलाफ देते हुए अपने एक ट्वीट में लिखा, भगवान सबका भला करे लेकिन मैं एक नॉन मुस्लिम हूं और मुझे रोज सुबह इस आवाज से उठना पड़ता है। कब ये जबरदस्ती वाला धर्म खत्म होगा। इसके अलावा सोनू ने सुबह-सुबह अजान के दौरान एक वीडियो शेयर करते हुए कहा था कि उनका इस तेज आवाज से सिरदर्द होता है। लाउड स्पीकर को पूरी तरह बैन कर दिया जाना चाहिए। सोनू के इन बयानों के बाद उन्हें काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी जिसके लिए सिंगर ने बाद में माफी मांगी थी।

राधे मां की काली मां से की तुलना

हमेशा अपनी अजीबो-गरीब लाइफस्टाइल से सुर्खियों में रहने वालीं राधे मां की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं जिनमें वो शॉर्ट ड्रेस पहने दिख रही थीं। राधे मां का ये रूप देख उन्हें खूब ट्रोल किया जाने लगा जिसपर सोनू ने उनका पक्ष लेते हुए कहा, काली जी भी छोटे कपड़े पहनती थीं उन पर किसी ने कुछ नहीं कहा, तो अब राधे मां पर सवाल क्यो उठ रहे हैं। ये शर्मनाक है। काली मां पर ऐसा बयान देकर सोनू विवादों से घिर गए थे जिसके लिए उन्हें माफी मांगनी पड़ी थी।

रियलिटी शोज पर साधा निशाना

सारेगामापा और इंडियन आइडल जैसे रियलिटी शो जज कर चुके सोनू निगम ने ई-टाइम्स को दिे एक इंटरव्यू में कहा था, बतौर जज हम पार्टिसिपेंट को बहुत कुछ सिखाते हैं। हमें उन्हें इमानदारी से जज करना चाहिए। हमेशा उनकी तारीफ करते रहना अच्छी बात नहीं है। इसके अलावा सोनू ने ऐसे रियलिटी शोज पर इमोशनल कार्ड खेलकर टीआरपी हासिल करने का आरोप लगाया था।

करण जौहर से लिए पंगा

साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म ऐ दिल है मुश्किल में मोहम्मद रफी का मजाक उड़ाया गया था जिससे नाराज होकर सोनू निगम ने सोशल मीडिया पर मेकर्स के खिलाफ बयान दिया था। सोनू के भड़काऊ बयान के बाद करण जहर ने भी उन्हें खूब बातें सुनाई थीं जिससे दोनों के बीच खूब बहस हुई थी।

बेटे निवान को भारत में नहीं रखना चाहते सोनू

सोनू निगम के बेटे निवान भी एक बेहतरीन सिंगर हैं। उन पर एक इंटरव्यू में सोनू ने कहा, ईमानदारी से हूं तो मैं नहीं चाहता कि मेरा बेटा सिंगर बने, खासकर भारत में। वो वैसे भी भारत में नहीं रहता। वो दुबई में रहता है। मैंने उसे पहले ही भारत से बाहर भेज चुका हूं। वो एक सिंगर बनकर पैदा हुआ है लेकिन उसे और भी जगह दिलचस्पी है।

नशे के सेवन पर लापरवाही भरा जवाब

सोनू निगम से एक इंटरव्यू के दौरान पंजाब और हिमाचल में बढ़ रहे नशे के सेवन पर सवाल किया गया था। इस पर संजीदगी से जवाब देने के बजाय सिंगर ने कहा, जिसे नशे करने हैं वो करेगा ही, मेरे बोलने से कुछ नहींं होने वाला। मेरा फोकस म्यूजिक में ही है। पब्लिक इमेज होने के नाते सिंगर का ऐसा लापरवाही भरा बयान देना उन्हें काफी भारी पड़ा था।

पाकिस्तान में पैदा होने की इच्छा की जाहिर

सोनू निगम ने आज तक को दिए एक इंटरव्यू में कहा, कभी-कभी लगता है कि मुझे पाकिस्तान में पैदा होना चाहिए था। वहां लोगों को काम मिलता है और यहां तो म्यूजिक कम्पनियों को पैसे देने पड़ते हैं जिसके बाद काम और प्रमोशन मिलता है।

म्यूजिक माफिया पर दिया विवादित बयान

भूषण कुमार पर साल 2020 में सोनू निगम ने कई संगीन आरोप लगाए थे जिसके बाद उनकी दिव्या कुमार खोसला से सोशल मीडिया पर खूब बहस हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *