Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

‘धूम’ गैंग पकड़ाया:धूम फिल्म की स्टाइल में चोरी करके बाइक से फरार हो जाते थे; मुखबिर की खबर पर 8 लैपटॉप, बाइक और नगदी के साथ पुलिस ने पकड़ा

नई दिल्ली

धूम फिल्म में दिखाए चोरी के अंदाज को आज भी चोर फॉलो कर रहे हैं। फरीदाबाद में पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जो राज्य के हाईवे पर लोगों को लूटते थे और तेजी से भाग निकलते थे। पुलिस के मुताबिक, इस गैंग ने लूट की 11 वारदातों को अंजाम दिया है। एक हफ्ते पहले गैंग के तीनों सदस्य नई वारदात करने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर लिया।

इन तीन अपराधियों की पहचान विशाल, साहिल और रूबन के नाम से हुई है। विशाल और साहिल भाई हैं और फरीदाबाद के रहने वाले हैं। रूबन दिल्ली का रहने वाला है। तीनों को फरीदाबाद के पल्ला इलाके से पकड़ा गया, जहां वे नई लूट की तैयारी कर रहे थे। उनके पास से 8 लैपटॉप, 80 हजार रुपए कैश, एक स्कूटर और एक FZ मोटरसाइकल बरामद हुई है।

धूम स्टाइल में करते थे लूट
पुलिस ने बताया कि इस गैंग का लूट का तरीका धूम फिल्म के जैसा था। गैंग के सदस्य हाईवे से सटे हुए इलाकों में लूट करते थे और हाईवे के जरिए तेजी से फरार हो जाते थे। गैंग का एक सदस्य वारदात वाली जगह के पास स्कूटर लेकर खड़ा रहता था और इलाके में किसी के आने पर अपने साथियों को बताता था। अपराधियों के पास हाई पिकअप वाली एक FZ मोटरसाइकल थी। बाकी दो अपराधी इस बाइक से आकर लोगों को लूटते थे और गायब हो जाते थे।

झूठ बोलकर रोकते थे राहगीरों को
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को रोकने के लिए अपराधी कई तरीके अपनाते थे। कभी टायर पंचर होने की बात कहकर, तो कभी लोगों की गाड़ी की विंडशील्ड पर तेल गिराकर वे लोगों को रोकते थे और उन्हें लूट लेते थे। लूट कर वे अपनी फर्राटा बाइक से गायब हो जाते थे।

एक हफ्ते पहले पुलिस ने पकड़ा
पुलिस ने बताया कि एक हफ्ते पहले उन्हें टिप मिली कि अपराधी एक वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्हें 6 दिन की पुलिस रिमांड में रखा गया और उसके बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *