Monday, August 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गोल्ड-सिल्वर रिपोर्ट कार्ड:जुलाई में सोना 1200 रुपए से ज्यादा महंगा हुआ, चांदी में भी दिखी बढ़त; आने वाले दिनों में और बढ़ सकते हैं दाम

नई दिल्ली

सोने और चांदी में चमक एक बार फिर बढ़ने लगी है। जुलाई में सोना 1,236 रुपए महंगा होकर 48,430 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार सर्राफा बाजार में 1 जुलाई को सोना 47,194 रुपए पर था। यानी इस महीने सोना करीब 3% महंगा हुआ है।

चांदी में भी आई मामूली तेजी
1 जुलाई को चांदी 67,832 रुपए प्रति किलोग्राम पर थी जो अब 68,053 रुपए पर पहुंच गई है। यानी जुलाई में ये 221 रुपए महंगी हुई है। जुलाई में एक समय ये 69 हजार के पार भी निकल गई थी।

जून में सोना-चांदी की चमक हुई थी कम
जून में सोने-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। 1 जून को जो सोना 49,422 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था वो 30 जून को 46,753 रुपए पर आ गया था। यानी सोना 2,669 रुपए सस्ता हुआ। वहीं चांदी की बात करें तो ये 2,669 रुपए सस्ती हुई थी। ये 1 जून को 72,428 रुपए प्रति किलोग्राम पर थी जो 30 जून को 67,747 रुपए पर पहुंच गई थी।

साल के आखिर तक 55 हजार तक जा सकता है सोना
IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एंड करेंसी) अनुज गुप्ता कहते हैं कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका और बढ़ती महंगाई से सोने को सपोर्ट मिल रहा है। इसके चलते सोना साल के आखिर तक फिर 55 हजार प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। इसीलिए ये सोने में निवेश करने का सही समय हो सकता है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 1,800 के पार निकला
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 1,814 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है, जो 1 जुलाई को 1,770 डॉलर पर था। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के नेशनल सेक्रेटरी सुरेंद्र मेहता के अनुसार इस साल के आखिर तक सोना अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी 2,200 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है।

क्यों महंगा हो रहा सोना?
केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि देश में कोरोना के केस फिर बढ़ने लगे हैं। ऐसे में लोगों में तीसरी लहर का डर बना हुआ है। इसके अलावा देश में महंगाई भी बढ़ने लगी है। इससे भी सोने को सपोर्ट मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *