करौली
राजस्थान के करौली जिले में दीवार गिरने से बाप-बेटी की मौत हो गई। मलबे में दबने से बेटा घायल है। हादसा उस वक्त हुआ, जब तेज बारिश हो रही थी। रात का समय था। पूरा परिवार सो रहा था। मामला रविवार देर रात ग्राम पंचायत बगीदा के भागीरथपुरा का है। दूसरी ओर, तेज बारिश से नदियां उफान पर हैं। ग्राम पंचायत जोड़ली की नदी में 20 वर्षीय युवक डूब गया। गोरेहार नदी का पुल टूटने से दर्जनों गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क कट गया है।
सो रहा था पूरा परिवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार की रात हुई तेज बारिश से भागीरथपुरा में रामचरण पुत्र छगनलाल गुर्जर के मकान की दीवार गिर गई। कमरे में सो रहे रामचरण (55), उसकी पुत्री निशा (14) की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। उसका 16 वर्षीय पुत्र दिलखुश गंभीर रूप से घायल है। उसे सपोटरा अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

जोड़ली नदी में डूबे युवक को तलाश करती एनडीआरएफ की टीम।
पैर फिसलने से नदी में गिरा युवक
सोमवार सुबह करीब 9 बजे ग्राम पंचायत जोड़ली में आवारा पशुओं को खेतों से भगा रहा 20 वर्षीय छोटेलाल पुत्र पप्पू मीणा पैर फिसलने से नदी में जा गिरा। इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम ओमप्रकाश मीणा के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। युवक को ढूंढने का प्रयास चल चल रहा है। 4 घंटे बाद भी छोटेलाल का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

कालीसिल बांध का भी जलस्तर बढ़ गया है।
कालीसिल बांध में 5 फीट चादर चली
उपखंड में सोमवार सुबह 8 बजे तक रिकॉर्ड 8 इंच बारिश दर्ज की गई। इससे क्षेत्र के सभी नदी-नालों में उफान के साथ उपखंड के प्रसिद्ध 25 फीट भराव क्षमता वाले कालीसिल बांध में एक ही रात में 5 फीट जलस्तर बढ़ गया है। एसडीएम ओमप्रकाश मीणा ने डूब क्षेत्र में आने वाले नाथनबाड़ी, बंदा की डोंगरी,कांवटी,पूठन का पुरा,भंडारीपुरा,अमरगढ़,तलावका और तिखूटी,निशाना,गोरेहार,गांवदा,ऐकट,किराड़ी,बूकना आदि गांवों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों को घरों में सुरक्षित रहने की सलाह दी है।

गोरेहार पुल ढहा।
इसके अलावा क्षेत्र के भूमेन्द्र सागर बांध में 13 साल बाद 13.5 फीट तक जलस्तर पहुंच गया है। डांग क्षेत्र में जगह-जगह एनीकट क्षतिग्रस्त होने से खेतों में पानी भर गया है। इससे फसलें बर्बाद हो गई हैं। निशाना से गोरेहार सड़क मार्ग की गोरेहार नदी पर 5 साल पहले बना पुल टूट गया है। दर्जनों गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क कट गया। खूबपुरा, अडूदा, जोड़ली, चौड़ागांव, लूलौज आदि नदियों में उफान आने से कई गांवों का संपर्क कट गया है। इधर, उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश मीणा ने एसडीएम कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है।