मुंबई
लगातार तीसरे दिन शेयर बाजार में शानदार तेजी रही और लगातार दूसरे दिन बाजार रिकॉर्ड हाई पर बंद हुए। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 54,465.91 का रिकॉर्ड स्तर छुआ और अंत में 546.41 अंकों की तेजी के साथ 54,370 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी ने भी पहली बार 16,290 का रिकॉर्ड स्तर छुआ और 128 अंकों की तेजी के साथ 16,259 पर बंद हुआ।
निफ्टी बैंक में भी शानदार तेजी रही
कारोबार के दौरान निफ्टी बैंक में भी शानदार तेजी देखने को मिली निफ्टी बैंक 821 अंकों की शानदार तेजी के साथ 36,028 पर बंद हुआ।
बाजार को बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर का सपोर्ट मिला। NSE पर निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में 2.59% की तेजी रही। सेक्टर के HDFC के शेयर 4.59% तेजी के साथ 2672 और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर 3.89% तेजी के साथ 1751 पर बंद हुए। निफ्टी बैंक 2.33% की तेजी के साथ 36,028 पर बंद हुआ।
30 शेयर्स वाले सेंसेक्स के 30 में 14 शेयर्स में बढ़त रही वहीं 16 शेयर्स गिरावट के साथ बंद हुए। सबसे ज्यादा HDFC का शेयर 4.77% की तेजी के साथ 2675 पर और कोटक महिंद्रा बैंक 3.74% बढ़त के साथ 1749.80 पर बंद हुआ।
जुलाई में मजबूत आर्थिक आंकड़ों से बाजार को सपोर्ट
- 2021 में इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन 9.7% बढ़ने की उम्मीद
- GST कलेक्शन जुलाई 2020 से 33.14% ज्यादा
- बेरोजगारी दर घटकर 6.95% रही, जो जून में 9.17% रही थी
- जुलाई में IHS मार्किट मैन्युफैक्चरिंग PMI बढ़कर 55.3
- जून तिमाही में कंपनियों के अच्छे नतीजे
- एक तिहाई से ज्यादा कंपनियों ने की उत्पादन बढ़ने की बात
BSE पर 3,372 शेयर्स में कारोबार हुआ
BSE पर 3,372 शेयर्स में कारोबार हुआ। इसमें 1,147 शेयर्स में बढ़त और 2,107 शेयर्स गिरावट के साथ बंद हुए। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप भी 239.56 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 872.73 अंक चढ़कर 53,823.36 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 245 अंकों की तेजी के साथ 16,130 पर बंद हुआ था।