लखनऊ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज UP में अन्न महोत्सव की शुरुआत की। इस मौके पर PM ने प्रदेश के 5 लाभार्थियों से संवाद किया। इसके बाद PM ने कहा, दिल्ली से अन्न का एक-एक दाना भेजा गया, वह आपकी थाली तक पहुंच रहा है। पहले की सरकारों के समय UP में गरीब के अनाज की जो लूट हो जाती थी, उसके लिए अब कोई रास्ता नहीं बचा है।
PM ने संसद के मानसून सत्र में विपक्ष के हंगामे पर भी निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा, एक तरफ हमारा देश, हमारे युवा भारत के लिए नई सिद्धियां प्राप्त कर रहे हैं, जीत का गोल कर रहे हैं तो वहीं देश में कुछ युवा ऐसे भी हैं जो राजनीतिक स्वार्थ में सेल्फ गोल करने में जुटे हैं।
PM ने कहा, देश क्या चाहता है, देश क्या हासिल कर रहा है, देश कैसे बदल रहा है? इससे इनको कोई सरोकार नहीं है। ये महान देश ऐसी स्वार्थ और देशहित विरोधी राजनीति का बंधक नहीं बन सकता। ये लोग देश को, देश के विकास को रोकने की कितनी भी कोशिश कर लें, ये देश इनसे रुकने वाला नहीं है। हर कठिनाई को चुनौती देते हुए, देश हर मोर्चे पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जो लोग सिर्फ अपने पद के लिए परेशान हैं, वो अब भारत को रोक नहीं सकते। नया भारत, पद नहीं पदक जीतकर दुनिया में छा रहा है। नए भारत में आगे बढ़ने का मार्ग परिवार नहीं, बल्कि परिश्रम से तय होगा। और इसलिए, आज भारत का युवा कह रहा है भारत चल पड़ा है, भारत का युवा चल पड़ा है।
हमारे CM योगी भी हैं और कर्मयोगी भी, ऐसी 8 बड़ी बातें
- नई ऊंचाई छू रहा देश: प्रधानमंत्री ने CM योगी की तारीफ की। कहा, हमारे CM योगी भी हैं और कर्मयोगी भी। आगे कहा कि, ओलिंपिक में अभूतपूर्व प्रदर्शन को पूरा देश उत्साह पूर्वक देख रहा है। भारत टीकाकरण के मामले में भी 50 करोड़ के दरवाजे पर खड़ा है। इस कोरोना कालखंड में भी जुलाई में GST का कलेक्शन हो या हमारा एक्सपोर्ट, दोनों नई ऊंचाई छू रहा है। 1 लाख 16 हजार करोड़ का GST मिला है।
- दशकों बाद दुनिया के टॉप-10 में भारत: आजादी के बाद पहली बार किसी एक महीने में भारत का एक्सपोर्ट ढाई लाख करोड़ से भी ज्यादा हो गया। दशकों बाद हम दुनिया के टॉप 10 देशों में है। मेक इन इंडिया विमान वाहक पोत विक्रांत समुद्र में अपना ट्रायल शुरू कर चुका है।
- लद्दाख में दुनिया की सबसे ऊंची रोड बनी: हर चुनौती को चुनौती देते हुए भारत ने लद्दाख में दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबल रोड का निर्माण पूरा किया। हाल ही में भारत ने e-RUPI लांच किया है जो आने वाले समय में डिजिटल इंडिया को मजबूती देगा और वेलफेयर स्कीम के लक्ष्य और उद्देश्यों को पूरा करेगा।
- पहले व्यवस्था चरमरा जाती थीं: इस मुश्किल समय में एक भी गरीब ऐसा न हो जिसके घर में राशन न हो। यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। 100 साल का यह सबसे बड़ा संकट, सिर्फ महामारी का ही नहीं है बल्कि इसमें कई मोर्चों पर है।अतीत में हमने अनुभव किया है जब देश में इस तरह का बड़ा संकट आता था तब देश के तमाम व्यवस्थाएं पूरी तरह से चरमरा जाती थीं, लेकिन आज भारत और भारत का प्रत्येक नागरिक पूरी ताकत से इस महामारी का सामना कर रहा है।
- UP ने देश के सामर्थ्य को बढ़ाया: मेडिकल सेवाओं से जुड़ा हुआ इंफ्रास्ट्रक्चर हो या दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान या फिर देश के नागरिकों को भूख से बचाने के लिए सबसे बड़ा अभियान हो आज भारत सफलता के साथ आगे बढ़ रहा है। UP के लोगों ने देश के सामर्थ्य को बढ़ाने के लिए कंधा से कंधा मिलाकर काम किया है। UP में चल रहे हाईवे एक्सप्रेस वे, डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और डिफेंस कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं।
- अब भाषा की बाध्यता खत्म: शिक्षा से जुड़े दो बड़े फैसले ऐसे हैं। पहला फैसला इंजीनियरिंग की पढ़ाई से जुड़ा है। इंजीनियरिंग और टेक्निकल एजुकेशन की पढ़ाई से UP के गांव और गरीब की संतान बहुत हद तक भाषा की समस्या के कारण वंचित रह जाता था। अब इस बाध्यता को खत्म कर दिया गया है। हिंदी समेत अनेक भारतीय भाषाओं में इंजीनियरिंग और टेक्निकल की पढ़ाई होगी। दूसरा बड़ा फैसला मेडिकल की पढ़ाई करने वालों के लिए है हमारी सरकार ने इसे बदलते हुए अब 10 फीसदी का आरक्षण दिया है। इतना ही नहीं यह आरक्षण सामान्य वर्ग के गरीब परिवार के बच्चों को भी मिलेगा।
UP से समृद्धि का रास्ता भी गुजरता है
बीते दशकों में उत्तर प्रदेश की हमेशा क्या पहचान बनी? आपको याद होगा? उत्तर प्रदेश को हमेशा राजनीति के चश्मे से देखा गया। UP देश के विकास में भी अग्रिम भूमिका निभा सकता है। इसकी चर्चा भी नहीं की गई। दिल्ली की सिंहासन का रास्ता UP से होकर गुजरता है। इस का सपना देखने वाले तो बहुत लोग आए और गए लेकिन ऐसे लोगों ने कभी यह याद नहीं रखा कि भारत के समृद्धि का रास्ता भी UP से होकर ही गुजरता है।
PM बोले- 5 अगस्त इतिहास में लंबे समय तक याद रहेगा
प्रधानमंत्री ने कहा- आज की ये 5 अगस्त की तारीख बहुत विशेष बन गई है। ये 5 अगस्त ही है, जब 2 साल पहले देश ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को और सशक्त किया था। 5 अगस्त को ही, आर्टिकल-370 को हटाकर जम्मू कश्मीर के हर नागरिक को हर अधिकार, हर सुविधा का पूरा भागीदार बनाया गया था।
यही 5 अगस्त है जब कोटि-कोटि भारतीयों ने सैकड़ों साल बाद भव्य राम मंदिर के निर्माण की तरफ पहला कदम रखा। आज अयोध्या में तेजी से राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। आज 5 अगस्त की तारीख, फिर एक बार हम सभी के लिए, उत्साह और उमंग लेकर आई है। आज ही, ओलंपिक के मैदान पर देश के युवाओं ने हॉकी के अपने गौरव को फिर स्थापित करने की तरफ बड़ी छलांग लगाई है।
PM ने 5 लाभार्थियों से किया संवाद
इससे पहले प्रधानमंत्री ने वाराणसी से बादामी, कुशीनगर की अमरावती, झांसी से पंकज सहगल, सुल्तानपुर की बबिता यादव, सहारनपुर की कमलेश देवी से संवाद किया। लाभार्थियों ने राशन वितरण, टीकाकरण, परिवार के बारें में जानकारी ली।
CM ने कहा- 80 करोड़ लोगों के लिए यह बड़ा अभियान
CM योगी ने कहा, कोरोना के प्रथम चरण में अप्रैल 2020 से नवंबर 2020 तक और कोरोना की दूसरी लहर में मई 2021 से 2000 21 नवंबर तक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत खाद्यान्न वितरण कार्यक्रम संपन्न हो रहा है। देश के करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन उपलब्ध कराने का यह वृहद अभियान शुरू हुआ। UP में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिलेगा। सदी की सबसे बड़ी महामारी में न सिर्फ अंत्योदय राशन कार्ड धारक को राशन उपलब्ध कराया गया, बल्कि अन्य जरूरतमंद लोगों को राशन मिला है।
CM ने और क्या कहा
- आज से ठीक 1 साल पहले प्रधानमंत्री ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर का शिलान्यास किया था। अयोध्या विश्व पटल पर चमकेगी इसकी कोशिश की जा रही है। अयोध्या में 54 परियोजना पर काम जारी है।
- उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक टीकाकरण करने वाला प्रदेश है। UP में 5 करोड़ 21 लाख लोगों को यह टीका लग चुका है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना से केवल प्रदेश में 15 करोड़ लोग इससे सीधे-सीधे लाभान्वित हो रहे हैं और योजना ऐसे ही आगे बढ़ेगी।
CM योगी ने अयोध्या में वासुदेव घाट स्थित राशन की दुकान पर जरूरतमंदों को राशन वितरित किया है। साथ ही में वाराणसी, झांसी, सुलतानपुर, कुशीनगर और सहारनपुर में भी सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने अनाज वितरण किया।
अयोध्या में अन्न महोत्सव कार्यक्रम में शामिल लोग।
UP के 80 लाख लोगों को मुफ्त अनाज देने का आज बनेगा रिकार्ड
प्रदेश में करीब 15 करोड़ लाभार्थियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निशुल्क राशन मिल रहा है। राज्य में लगभग 80 हजार उचित मूल्य की दुकानें इस योजना के तहत लाभार्थियों को राशद मुहैया करा रही हैं। इन दुकानों पर आज कम से कम 100 लोगों को मुफ्त राशन वितरित किया जाएगा। इस खास मौके के लिए राशन दुकानों को फूलों और झंडियों से सजाया गया है। यहां लाभार्थी के अलावा सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधी भी मौजूद हैं।

अयोध्या में अन्न महोत्सव में पहुंची महिलाएं।
थैले में मिलेगा हर लाभार्थी को राशन
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत सभी अंत्योदय राशन कार्डधारकों प्रति यूनिट पांच किलो मुफ्त राशन दिया जाता है। अन्न महोत्सव पर लोगों को थैले में भरकर अनाज दिया जाएगा। थैले पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की फोटो भी है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत आने वाले सभी लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति पांच किलोग्राम अतिरिक्त खाद्यान्न दिया जाता है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना कोविड-19 महामारी के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराती है।