हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले में गुरुवार को मातृ, शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस का आयोजन किया गया। इसके तहत गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, आवश्यक टीके एवं निशुल्क दवाइयां दी गई। उन्हें उचित खान-पान एवं पोषण संबंधी जानकारी भी दी गई। नवजात शिशुओं को भी टीके लगाए गए एवं आवश्यक ड्रॉप्स पिलाई गई। आरसीएचओ डॉ. विक्रमसिंह ने बताया कि जिले में गुरुवार को आंगनबाड़ी केन्द्रों, सब सेंटर, पीएचसी और सीएचसी पर मातृ, शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (एमसीएचएन डे) आयोजित किया गया। गर्भवती महिलाओं और जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत विभिन्न जानलेवा बीमारियों से बवाव के टीके लगाए गए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व एएनसी जांचें भी की गई। इसके अलावा महिलाओं को स्तनपान की भी जानकारी दी गई। जिला स्तरीय एवं खण्ड स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में जाकर मातृ, शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस का निरीक्षण किया।