Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एनडीपीएस प्रकरण में फरार इनामी अपराधी दबोचा

  • ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरा 1 क्विंटल 56 किलोग्राम पोस्त छोड़ भाई सहित हो गया था फरार
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    एनडीपीएस प्रकरण में दो साल से भी अधिक समय से फरार चल रहे इनामी अपराधी को जंक्शन पुलिस ने दबोचने में सफलता हासिल की है। उसे जिला स्पेशल टीम के सहयोग से गिरफ्तार किया गया है। उसके भाई को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है। जंक्शन पुलिस के अनुसार 4 मई 2019 को सदर थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी राजाराम लेघा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रोही चक 30 एलएलडब्ल्यू से ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरा 1 क्विंटल 56 किलोग्राम पोस्त बरामद किया था। जबकि आरोपी जयपाल व उसका भाई शिवप्रकाश उर्फ जैना पुत्र मोहनलाल उर्फ पृथ्वीराज जाट निवासी चक 30 एलएलडब्ल्यू, रोही पक्काभादवां मौके से फरार हो गए थे। इस पर दोनों भाइयों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जंक्शन पुलिस को सौंपी गई। जांच के दौरान जयपाल जाट को पूर्व में गिरफतार किया जा चुका है। जबकि फरार चल रहे दूसरे आरोपी शिवप्रकाश उर्फ जैना के खिलाफ 299 सीआरपीसी में चालान पेश न्यायालय कर वारंट जारी करवाकर दो हजार रुपए का इनाम घोषित करवाया गया। पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन की ओर से पुराने प्रकरणों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आरोपी शिवप्रकाश उर्फ जैना की गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए गए। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस व सीओ सिटी प्रशान्त कौशिक के निर्देशन में पुराने प्रकरणों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए थाना प्रभारी नरेश गेरा की ओर से टीम का गठन किया गया। साथ ही डीएसटी के सहयोग से इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए। मुखबिरों को सक्रिय किया गया। अब सफलता हासिल करते हुए डीएसटी के सहयोग से इनामी अपराधी शिवप्रकाश उर्फ जैना (30) को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में अनुसंधान जारी है। आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *