हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से पहले सरकारी अस्पतालों को आॅक्सीजन आपूर्ति में आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास जारी हैं। इसी के तहत भादरा सीएचसी में बन रहे आॅक्सीजन जनरेशन प्लांट का गुरुवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा की ओर से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ भादरा सीएचसी प्रभारी डॉ. जसवंत सहारण भी थे। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आॅक्सीजन को लेकर कोई समस्या नहीं रहे, इसलिए कोरोना की संभावित तीसरी लहर से पहले आॅक्सीजन प्रबंध करने पर ध्यान केन्द्रित किया गया है। इसी के तहत भादरा में आॅक्सीजन जनरेशन प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सीएचसी भादरा में बन रहे आॅक्सीजन जनरेशन प्लांट का सिविल वर्क चार-पांच दिन में समाप्त हो जाएगा। उन्होंने बताया कि आॅक्सीजन जनरेशन प्लांट में वातावरण से आॅक्सीजन खींचकर मेडिकल आॅक्सीजन तैयार की जाती है। तरल आॅक्सीजन 97 से 98 फीसद तक शुद्ध होती है, जबकि हवा से तैयार की गई आॅक्सीजन करीब 92 फीसद तक शुद्ध होती है। आॅक्सीजन कंसंट्रेटर में भी वातावरण की हवा से मेडिकल आॅक्सीजन तैयार की जाती है।