Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रोड लाइट का शुभारंभ, जगमग हुआ मार्ग

  • सभापति व विधायक प्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    नगर परिषद की ओर से जंक्शन में सार्वजनिक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से गांधीनगर अंडरपास होते हुए संगरिया मार्ग तक स्थापित रोड लाइट का शुभारंभ बुधवार रात्रि को किया गया। इसके साथ ही अंधेरे में रहने वाला यह मार्ग रोशनी से जगमग हो उठा। रोड लाइट का शुभारम्भ नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल व विधायक प्रतिनिधि भूपेन्द्र चौधरी ने किया। इस मौके पर नगर परिषद की निर्माण समिति के अध्यक्ष सुमित रणवां, पार्षद अंजना जैन, श्याम सुन्दर झंवर, गुरदीप चहल, विकास रांगेरा, नगर परिषद अधिकारी मेघराज, सुमित कुमार, आशु दादरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व शहरवासी मौजूद रहे। इस मौके पर सभापति गणेश राज बंसल ने कहा कि शहर के विकास के लिए नगर परिषद कटिबद्ध है। इस मार्ग पर लाइटिंग का कार्य होने से अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा। साथ ही शहर के सौंदर्यकरण में इजाफा होगा। क्योंकि पिछले दिनों इस मार्ग पर अपराधिक वारदातें होने के मामले सामने आए थे। जल्द ही इस मार्ग को सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के सौंदर्यकरण की श्रृंखला में हृदयस्थल भगतसिंह चौक का नवनिर्माण व आइलैंड पार्क का निर्माण करवाया जा रहा है। आइलैंड पार्क में क्षेत्रीय संस्कृति को प्रदर्शित करती मूर्तियां लगवाई जा रही हैं। साथ ही आई लव हनुमानगढ़ की खुबसूरत आकृति बनवाई जाएगी। इससे शहर के सौंदर्यकरण में चार चांद लगेंगे। वहीं विधायक प्रतिनिधि भूपेन्द्र चौधरी ने नगर परिषद की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यांे की सराहना करते हुए कहा कि शहर पिछले कई वर्षांे से विकास के लिए तरस रहा था। जैसे ही नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बना शहर में चारों तरफ विकास का पहिया चौगुनी रफ्तार से दौड़ पड़ा। यह केवल जनता के कांग्रेस पर जताए गए विश्वास का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता के इस विश्वास को सदैव बनाए रखा जाएगा और शहर को मिनी चंडीगढ़ का रूप देने का प्रयास रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *