बीकानेर. बीछवाल थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने गोल्ड लोन बैंक को लूटने की फिराक में घूम रहे लॉरेंस गैंग के चार बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों से हथियार, कारतूस व कार जब्त की गई है। यह पड़ोसी जिलों के युवकों का अंतरजिला गिरोह है। इनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस की जिला स्पेशल टीम, बीछवाल एवं सदर पुलिस ने संयुक्त रूप से की है।
पुलिस के अनुसार चिड़ावा निवासी करणीसिंह पुत्र मूनाराम, सरदारशहर साजनसर निवासी पवनसिंह पुत्र उम्मेद सिंह, फूलासर भैराराम पुत्र श्रवण कुमार एवं अड़मालसर निवासी राजकुमार पुत्र रामलाल को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास तीन पिस्टल, छह कारतूस व कार जब्त की है। पकड़े गए बदमाश गिरोह लॉरेंस गु्रप व हरियाणा के बदमाशों से सम्पर्क थे।
यूं आए पकड़ में
डीएसटी को कुछ बदमाश बीकानेर में वारदात को अंजाम देने आए होने की सूचना मिली। बदमाशों को दबोचने के लिए बीछवाल, सदर सीआई व डीएसटी प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। बीछवाल एसएचओ शर्मा ने बताया कि बीकानेर में गोल्ड लोन बैंक में लूट के लिए तीन आरोपी बीकानेर में एक दिन पहले ही आए थे। जबकि एक आरोपी करणीसिंह दो पहले बीकानेर बस से आया। बाद में तीन साथियों पवन, भैराराम व राजकुमार को बुला लिया। यह लोग मंगलवार को तीर्थस्तंभ के पास स्थित गोल्ड लोन फाइनेंस बैंक कर गए थे। इस बैंक में वारदात को अंजाम देते इससे पहले ही पकड़ में आ गए।
अवैध हथियार के साथ युवक को पकड़ा
बीछवाल व जिला स्पेशल टीम ने बुधवार को लालगढ़ रेलवे स्टेशन निर्माणाधीन पुल के पास एक युवक को अवैध हथियार के साथ पकड़ा। बीछवाल पुलिस के अनुसार आरोपी मुक्तप्रसाद कॉलोनी निवासी महेन्द्र पुत्र मनफुलाराम है, जिसके कब्जे से एक पिस्टल बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।