Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

करन जौहर की ‘तख्‍त’ फिर से हो रही शुरू, प्री-प्रोडक्‍शन का काम चालू; 150 करोड़ के बजट में बनेगी फिल्म

फिल्ममेकर करन जौहर की ड्रीम प्रोजेक्‍ट फिल्‍म ‘तख्‍त’ फिर से शुरू हो रही है। ट्रेड एनालिस्टों के मुताबिक, “फिल्‍म का प्री-प्रोडक्‍शन फिर से शुरू हो चुका है। पहले इस फिल्म का प्रोड्यूसर पार्टनर स्‍टार इंडिया था, मगर उसे फिल्‍म का 150 करोड़ का बजट भारी भरकम लग रहा था। ऐसे में उसने प्रोजेक्‍ट से अपने हाथ खींच लिए थे। अब स्‍टार इंडिया की जगह लायका के प्रोड्यूसर पार्टनर होने की खबरें सामने आई हैं। लायका इस फिल्‍म को बजट मुहैया करवा रहा है। इन डेवलपमेंट पर हालांकि आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है।”

फिल्म की कहानी में किए जा रहे हैं जरूरी बदलाव
फिल्‍म से जुड़े सूत्रों ने कहा, “कहानी में जरूरी बदलाव किया जा रहा है। अब यह दारा शिकोह और औरंगजेब की आपसी लड़ाइयों के साथ-साथ उनके प्रेम संबंधों पर केंद्रित रहेगी। उनकी हिंदु राजाओं के साथ जंग के प्‍लॉट को भी हटाने पर विचार किया जा रहा है। फिल्‍म का प्री-प्रोडक्‍शन तो चालू कर दिया गया है। इस फिल्म की शूटिंग शुरू कब की जाएगी, इस पर कलाकारों की तारीखें खंगाली जा रही हैं। वह इसलिए कि सब इन दिनों अलग-अलग प्रोजेक्‍ट्ल में बिजी हैं।”

रणवीर और आलिया अलग-अलग फिल्मों की शूटिंग में बिजी
रणवीर सिंह और आलिया भट्ट तो खुद करन जौहर की ही एक और फिल्‍म शुरू करने वाले हैं। आलिया फिलहाल अपने प्रोडक्‍शन की पहली फिल्‍म ‘डार्लिंग्‍स’ में बिजी हैं। रणवीर के साथ उन्‍हें फिर करन जौहर की ही डायरेक्‍शन में ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ शुरू करनी है। अगले साल के मध्य में रणवीर फिर डायरेक्‍टर शंकर की ‘अनियन’ के हिंदी रीमेक में जुटेंगे।

कलाकारों की तारीखें मिलने पर अगले साल के अंत तक शुरू हो सकती है फिल्म
वहीं विक्‍की कौशल हाल ही में धर्मा की ही ‘मिस्‍टर लेले’ मुंबई में शूट कर रहे थे। उन्‍हें फिर RSVP वालों की ‘अश्‍वत्‍थामा’ की तैयारी में जुटना है। अगले साल मार्च के बाद उन्‍हें मेघना गुलजार की ‘मानेकशॉ’ भी करनी है। ऐसे में धर्मा की टीम फिगर आउट करने में जुटी है कि कलाकारों की तारीखें अगर साल के अंत की मिल जाएं, तो वे शूट स्टार्ट कर देंगे।

जाह्नवी कपूर के भी अगले साल तक 5 से 6 प्रोजेक्‍ट्स लाइनअप हैं। उन्‍होंने तो बुधवार को अपने पिता बोनी कपूर के प्रोडक्‍शन की ‘मिली’ भी शुरू की है। यह फिल्म साउथ की ‘हेलेन’ का हिंदी रीमेक है। यह बाप बेटी के रिश्‍तों पर बेस्‍ड है। पिता के रोल में मनोज पाहवा हैं। इसमें मुंबई का शेड्यूल ही एक महीने का है। ‘तख्‍त’ से पहले ही उन्‍हें धर्मा प्रोडक्‍शंस की ‘दोस्‍ताना 2’ और शशांक खेतान की एक फिल्‍म शुरू करनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *