Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

इंटरव्यू:अनुपम श्याम के निधन पर भाई अनुराग बोले- शूटिंग के दौरान ज्यादा पानी पीने की वजह से उनकी हालत बिगड़ी, 6 दिन से वेंटिलेटर पर थे

मुंबई

दिग्गज अभिनेता अनुपम श्याम ओझा ने रविवार रात तकरीबन 1 बजे अंतिम सांस ली। 63 साल के अनुपम किडनी की बिमारी से जुंझ रहे थे। हालांकि पिछले 6 दिन से उनकी हालत गंभीर थी। कल रात उनके मल्टिपल ऑर्गन फेल हो गए थे। जिसके बाद डॉक्टरों ने उनके बचने की उम्मीद छोड़ दी थी। खास बातचीत के दौरान अनुपम के भाई अनुराग श्याम ने बताया की ज्यादा पानी पीने की वजह से उनके भाई की हालत बिगड़ी थी।

अनुपम की लंग्स में पानी भर गया था और वे सांस नहीं ले पा रहे थे
अनुराग श्याम कहते है, “पिछले हफ्ते शूटिंग के दौरान अनुपम ने पानी ज्यादा पी लिया था, जिसकी वजह से उनकी किडनी पर बुरा असर पड़ा। उनका एक हफ्ते में तीन बार डायलसिस होता था और इस दौरान उन्हें ज्यादा पानी नहीं पीना चाहिए था। उनके लंग्स में बहुत पानी भर गया था और वे सांस नहीं ले पा रहे थे। हालत इतनी गंभीर हो गई की उन्हें तुरंत वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। पिछले 6 दिन से वे वेंटिलेटर पर ही थे। कल रात तकरीबन 11 बजे उनके कई ऑर्गन फेल हो गए, जिसके बाद डॉक्टर ने भी जवाब दे दिया था। तकरीबन दो घंटे तक उनकी सांसें चल रही थीं और रात के 1 बजे उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली।”

अनुपम को शूटिंग करना बहुत पसंद था
अनुराग श्याम आगे कहते है, “अनुपम बहुत तकलीफ में थे, अस्पताल जाने से पहले वे पुकार रहे थे-भैया, भैया मुझसे सांस नहीं ली जा रही है। उन्हें शूटिंग करना बहुत पसंद था। जब TV शो ‘प्रतिज्ञा’ में काम मिला तो मानो उन्हें नई जिंदगी मिल गई थी। वे बहुत खुश थे। मुझे याद है, जब उन्होंने अपने शो का पहला एपिसोड देखा, जिसमें उनकी एंट्री हुई थी। तब वे अपनी खुशी बयान नहीं कर पा रहे थे।”

लॉकडाउन में अनुपम अपने काम को बहुत मिस करते थे
लॉकडाउन के दौरान अनुपम श्याम ‘प्रतिज्ञा’ के शूट पर नहीं जा पाते थे। अनुराग की मानें तो इस दौरान वे अपने काम को बहुत मिस करते थे और बाहर घूमने की जिद करते थे। अनुराग ने आगे कहा, “लॉकडाउन में अनुपम अपने काम को बहुत मिस करते थे। शूट के लिए बाहर नहीं निकल सकते थे, इसीलिए मुझसे घूमने की जिद करते थे। हालांकि बाहर जाना उनकी सेहत के लिए सही नहीं था, इसीलिए मैं उन्हें मना कर देता था। कभी-कभी डांट भी देता था।”

अनुपम ने 3 महीने पहले दैनिक भास्कर से की थी बात
तकरीबन 3 महीने पहले अनुपम श्याम ने दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान लॉकडाउन में शूट ना करने से हो रही मुसीबत पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था, “मेरी टीम (प्रतिज्ञा 2) सिलवासा गई है, लेकिन मुझे लेकर नहीं गए (हंसते हुए)। फिलहाल 15 दिन वे वहां शूट करेंगे और मुझे यकीन है मुंबई लौटने के बाद, मेकर्स मुझे फिर से सेट पर बुला लेंगे। शूटिंग करना मिस तो बहुत कर रहा हूं, लेकिन सरकार के नियम का पालन भी तो करना जरूरी है ना। साथ ही यदि शूट नहीं करेंगे तो पैसे कहां से मिलेंगे? वो भी तो जरूरी है। एक बार टीम लौट आए तो निर्माता से इसका भी जिक्र जरूर करूंगा।”

CM योगी आदित्यनाथजी ने इलाज के लिए दिए थे 20 लाख रुपए
अनुपम श्याम ओझा मुंबई के गोरेगांव इलाके में रहते थे। उनका इलाज गोरेगांव के लाइफलाइन अस्पताल में चल रहा था। उनके इलाज के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें 20 लाख रुपए की मदद भी की थी।

इंटरव्यू के दौरान अनुपम श्याम ने बताया था, “जब मेरी बीमारी के बारे में माननीय योगी आदित्यनाथजी को पता चला, तो वे मेरी मदद के लिए आगे आए थे। वे मुझे पर्सनली जानते हैं और मेरे काम को भी पसंद करते हैं। उन्होंने मेरे इलाज के लिए अस्पताल के अकाउंट में 20 लाख रुपए जमा करवा दिए हैं। उन्हीं पैसों से मेरा इलाज हो रहा है। इसके अलावा मेरी कुछ जमा पूंजी थी, वो भी इस बुरे दौर में काम आ गई। अभी मैं फिर से काम पर लौट आया हूं। उम्मीद कर रहा हूं की फिर से दो पैसे जोड़ पाउंगा।”

उत्तर प्रदेश के रहने वाले अनुपम श्याम लखनऊ के भारतेंदु एकेडमी ऑफ ड्रैमेटिक आर्ट्स के स्टूडेंट रहे हैं। TV शो के अलावा वे ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’, ‘वांटेड’, ‘मुन्ना माइकल’ जैसी कई फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *