नई दिल्ली
पेगासस जासूस केस से लेकर महंगाई तक संसद में विपक्ष का विरोध जारी है। मंगलवार को राज्यसभा और लोकसभा में 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया और दोनों सदनों की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। फिर 12 बजे से लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई जो जारी है। लेकिन राज्यसभा में हंगामे के चलते सदन 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया। 2 बजे कार्यवाही शुरू होने पर भी हंगामा नहीं रुका तो सदन 4 बजे तक स्थगित करना पड़ा।
इसके बाद भी हंगामा जारी रहा तो राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि राज्यसभा में आज कृषि पर चर्चा शुरू ही हुई थी, लेकिन कांग्रेस, TMC, आप का जो अलोकतांत्रिक रवैया रहा उसकी मैं भर्त्सना करता हूं।
OBC से जुड़े विधेयक पर चर्चा जारी
लोकसभा में आज अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से संबंधित संशोधन विधेयक पास हो सकता है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने सोमवार को ये बिल पेश किया था। इसका नाम संविधान (127वां संशोधन) विधेयक-2021 है। इसके तहत राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारें सामाजिक, शैक्षणिक दृष्टि से पिछड़े वर्गों (SEBC) की सूची बना सकेंगी। राज्यों की ये शक्ति सुप्रीम कोर्ट के मराठा आरक्षण मामले में दिए गए फैसले के बाद खत्म हो गई थी।
सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, ‘हम अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण से संबंधित इस विधेयक को पारित कराना चाहते हैं। हम विपक्ष की जिम्मेदारी समझते हैं।’ इस पर मंत्री वीरेंद्र कुमार ने कहा कि विपक्षी दलों के शासन वाले राज्यों के मुख्यमंत्री भी यह विधेयक लाने की मांग कर रहे थे। उधर, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कहा कि विपक्ष इस बिल का समर्थन करेगा।

भाजपा संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों को देशभर में स्पोर्ट्स एक्टिविटी बढ़ाने की सलाह दी।
लोकसभा में जासूसी मामले पर हंगामे के बीच बिल पास
जासूसी और अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस और तृणमूल समेत दूसरे विपक्षी दलों ने सोमवार को भी लोकसभा में हंगामा किया। इससे सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। हंगामे के बीच लोकसभा ने सीमित दायित्व भागीदारी (संशोधन) विधेयक, 2021, निक्षेप बीमा और प्रत्यय गारंटी निगम (संशोधन) विधेयक, 2021 और संविधान (अनुसूचित जनजातियां) आदेश (संशोधन) विधेयक 2021 को पास कर दिया।
BJP ने सांसदों को व्हिप जारी किया
संसद में आज और कल कई अहम बिल पास किए जा सकते हैं। सदन में जारी गहमागहमी के बीच BJP ने व्हिप जारी कर अपने सभी सांसदों को 10 और 11 अगस्त को दोनों सदनों और अन्य बैठकों में मौजूद रहने को कहा है।