बीकानेर. राजस्थान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतीश के.गर्ग ने कहा है कि विश्वविद्यालय में शिक्षण तथा शोध कार्यों को और बढ़ावा दिया जाएगा। जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिल सके। सोमवार को विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रो. गर्ग ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की पहचान वहां की शिक्षण व्यवस्था, शोध कार्यों से होती है। यहां पर अभी मैनपावर की कमी है। रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। शिक्षण व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षण और अनुसंधान कार्यों में दक्षता और गुणवत्ता हासिल करने का प्रयास रहेगा। कुलपति प्रो. गर्ग ने कहा कि वे अपने 35 वर्ष के शैक्षिक व प्रशासनिक अनुभव के साथ ही राजुवास के शैक्षणिक, अनुसंधान और प्रसार शिक्षा कार्यों को तेजी से लागू करने का प्रयास करेंगे। शोध परियोजनाओं को स्थानीय जलवायु और पशुधन की स्थिति के मद्देनजर बनाया जाएगा। जिससे पशुपालकों को सीधा लाभ मिल सके।